शिलाई की विकास परियोजनाएं तय समय में पूरी करें

पांवटा में समीक्षा बैठक में उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने बरसात में विभागों को अलर्ट रहने-जनसमस्याओं के जल्द समाधान के दिए निर्देश
कार्यालय संवाददाता-पांवटा साहिब
उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने शनिवार को पांवटा साहिब स्थित लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह में लोक निर्माण एवं जल शक्ति विभाग के अधिकारियों के साथ शिलाई विधानसभा क्षेत्र की विकास परियोजनाओं की समीक्षा बैठक की। बैठक में निर्माणाधीन, लंबित तथा प्रस्तावित योजनाओं की प्रगति का विस्तृत जायजा लिया गया। अधिकारियों ने विभिन्न परियोजनाओं की स्थिति से मंत्री को अवगत कराया, जिस पर उन्होंने सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए। उद्योग मंत्री ने कहा कि मानसून के मद्देनजर जिला प्रशासन और सभी संबंधित विभाग पूरी तरह अलर्ट हैं। सडक़ मार्ग, पेयजल और विद्युत आपूर्ति बाधित होने की स्थिति में तत्काल बहाली सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

उन्होंने कहा कि आपदा प्रबंधन से जुड़े सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य करें, ताकि आम लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। बैठक से पूर्व मंत्री ने क्षेत्रवासियों और विभिन्न प्रतिनिधिमंडलों की समस्याएं भी सुनीं। अधिकांश मामलों का मौके पर ही समाधान किया गया, जबकि शेष मामलों को संबंधित अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाने के निर्देश दिए गए। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जनहित से जुड़े सभी विकास कार्य चरणबद्ध तरीके से शीघ्र पूरे किए जाएंगे। बैठक में एसडीएम पांवटा साहिब द्विज गोयल, मार्केटिंग कमेटी के अध्यक्ष सीताराम शर्मा, जिला परिषद सदस्य खत्री सिंह ठाकुर, ब्लॉक कांग्रेस पदाधिकारी और लोक निर्माण एवं जल शक्ति विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।