पीएमजीएसवाई, पेंशन, और स्वास्थ्य योजनाओं की प्रगति पर मंथन

दिशा बैठक में सांसद सुरेश कश्यप ने की योजनाओं की समीक्षा, समयबद्ध क्रियान्वयन के दिए निर्देश

दिव्य हिमाचल ब्यूरो-नाहन
सांसद सुरेश कश्यप ने उपायुक्त कार्यालय के बचत भवन में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक की अध्यक्षता करते हुए केंद्र और प्रदेश सरकार की विभिन्न विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी योजनाओं का लाभ समयबद्ध ढंग से पात्र लोगों तक पहुंचाया जाए तथा विकास कार्यों की गुणवत्ता और समयसीमा का विशेष ध्यान रखा जाए। बैठक में बताया गया कि जिला सिरमौर में प्रधानमंत्री ग्राम सडक़ योजना (पीएमजीएसवाई-3) के तहत आठ सडक़ों का निर्माण कार्य जारी है, जबकि पीएमजीएसवाई-4 के तहत 11 नई सडक़ों को स्वीकृति मिल चुकी है।

राष्ट्रीय सामाजिक सहायता कार्यक्रम के अंतर्गत वृद्धावस्था और विधवा पेंशन योजनाओं के हजारों लाभार्थियों को करोड़ों रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान की गई है। विद्युत विभाग ने जिले में अब तक 1.95 लाख से अधिक स्मार्ट मीटर स्थापित किए हैं। वहीं राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत जननी सुरक्षा योजना से 919 महिलाओं को लाभ मिला तथा हजारों संस्थागत प्रसव दर्ज किए गए। सांसद स्थानीय क्षेत्र विकास योजना (एमपीलैड्स) के तहत 318 कार्यों में से 106 पूरे हो चुके हैं, जबकि 158 कार्य प्रगति पर हैं। मिड-डे मील योजना के तहत जिले के 54,294 विद्यार्थियों को पोषणयुक्त भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है। उपायुक्त प्रियंका वर्मा ने सांसद का स्वागत करते हुए भरोसा दिलाया कि सभी निर्देशों का समयबद्ध पालन सुनिश्चित किया जाएगा। बैठक में विधायक सुखराम चौधरी, विधायक रीना कश्यप, जिला परिषद अध्यक्ष शिवानी तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।