नशा, साइबर अपराध और कानून-व्यवस्था पर कार्रवाई की मांग को लेकर एसडीएम को सौंपा ज्ञापन
स्टाफ रिपोर्टर-अर्की
सोशल मीडिया के बढ़ते दुरुपयोग, प्रदेश में नशे के बढ़ते प्रकोप और अर्की क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाने की मांग को लेकर गुरुवार को जागरूक नागरिकों के एक प्रतिनिधिमंडल ने उपमंडलाधिकारी (नागरिक) अर्की को ज्ञापन सौंपा। विरासत संगठन की अध्यक्ष एवं समाजसेविका मयूराक्षी सिंह के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में बड़ी संख्या में महिलाओं, निर्वाचित जनप्रतिनिधियों और स्थानीय नागरिकों ने भाग लिया। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि सोशल मीडिया पर महिलाओं एवं बच्चों के विरुद्ध अभद्र भाषा, आपत्तिजनक टिप्पणियां, चरित्र हनन और भ्रामक सूचनाओं का प्रसार गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने ऐसे मामलों में त्वरित एवं कड़ी कानूनी कार्रवाई, साइबर अपराधों की प्रभावी निगरानी तथा शिकायतों के शीघ्र निस्तारण की मांग की। ज्ञापन में प्रदेश में बढ़ते नशे के कारोबार पर चिंता व्यक्त करते हुए नशा तस्करों के खिलाफ विशेष अभियान चलाने, दोषियों पर कड़ी कार्रवाई करने तथा विद्यालयों, महाविद्यालयों और पंचायत स्तर पर व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने की मांग की गई।
प्रतिनिधिमंडल ने अर्की क्षेत्र में नियमित पुलिस गश्त बढ़ाने और नगर में होमगार्ड के जवानों की स्थायी तैनाती सुनिश्चित करने का भी आग्रह किया। इसके बाद प्रतिनिधिमंडल ने स्थानीय विधायक संजय अवस्थी से भी मुलाकात कर सोशल मीडिया पर महिलाओं एवं बच्चों के संबंध में कथित आपत्तिजनक टिप्पणियों का मामला उठाया। विधायक ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि ऐसे मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाएगी। उन्होंने कहा कि नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी तथा स्थानीय थाना प्रभारी को भी उचित निर्देश दिए गए हैं।