पशु चराते बुजुर्ग पर अजगर ने बोला हमला, अस्पताल में भर्ती

ग्राम पंचायत डोहक में गोबिंदसागर झील के पास पेश आई घटना

स्टाफ रिपोर्टर-बंगाणा
ग्राम पंचायत डोहक में बुधवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब पशुओं को चराने गए एक व्यक्ति पर अचानक विशालकाय अजगर ने हमला कर दिया। अजगर के हमले में घायल हुए प्रेम लाल धीमान को स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से तुरंत क्षेत्रीय अस्पताल ऊना पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार उनकी हालत पहले से काफी बेहतर है और स्वास्थ्य में लगातार सुधार हो रहा है। जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत डोहक निवासी प्रेम लाल धीमान रोजाना की तरह बुधवार सुबह करीब आठ बजे अपने पशुओं को चराने के लिए गोबिंदसागर झील की ओर गए थे। उन्होंने पशुओं को चरने के लिए छोड़ दिया और वापस लौटने लगे।

रास्ते में थकान महसूस होने पर वे एक बड़े पत्थर पर कुछ देर विश्राम करने के लिए बैठ गए। इसी दौरान झाडिय़ों में छिपा एक विशालकाय अजगर अचानक बाहर निकला और उनकी टांग पर हमला कर दिया। घायल प्रेम लाल धीमान ने बताया कि पहले तो उन्हें समझ ही नहीं आया कि आखिर हुआ क्या है। कुछ ही क्षणों में उन्होंने देखा कि एक बड़ा अजगर उनकी टांग पर हमला कर चुका है और लगातार उनकी ओर बढ़ रहा है। उन्होंने बताया कि उस समय उन्हें अपनी जान बचाने के अलावा कुछ नहीं सूझा। उन्होंने हिम्मत जुटाई और अपने पास मौजूद लाठी से अजगर पर लगातार प्रहार करने शुरू कर दिए। काफी संघर्ष के बाद वे अजगर के चंगुल से खुद को छुड़ाने में सफल रहे।विगत दिवस ही इसी क्षेत्र में एक निजी स्कूल के शौचालय में अजगर घुस गया था।