नगर पंचायत कंडाघाट में कोरम पूरा न होने के कारण नहीं हुआ चुनाव, पदों के लिए भाजपा का पलड़ा भारी
निजी संवाददाता-कंडाघाट
लघु सचिवालय कंडाघाट में स्थित उपमंडल दंडाधिकारी (नागरिक) कंडाघाट के कार्यालय के सभागार में नगर पंचायत कंडाघाट के अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष के चुनाव के लिए दिन निर्धारित किया गया था लेकिन कोरम पूरा न होने के कारण चुनाव आगामी तिथि के लिए स्थगित कर दिया गया है। यह जानकारी उपमंडल दंडाधिकारी (नागरिक) कंडाघाट गोपाल चंद शर्मा ने दी। उन्होंने बताया कि कार्यालय के सभागार कक्ष में नगर पंचायत कंडाघाट के अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष पदों के लिए चुनाव सुबह 11 बजे निर्धारित किया गया था जिसमें नगर पंचायत कंडाघाट के कुल सात वार्ड सदस्य चुनाव जीत कर आए हैं और नगर पंचायत कंडाघाट के लिए अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष पदों के चुनाव के लिए केवल चार वार्ड सदस्य ही निर्धारित समय पर पहुंच गए थे।
अब नगर पंचायत कंडाघाट के अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष का चुनाव 28 जुलाई को होगा जिसमें नगर पंचायत कंडाघाट के अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष पदों के लिए बहुमत के आधार पर चुनाव प्रक्रिया में उपस्थित नगर पंचायत के चुने हुए वार्ड सदस्यी के द्वारा चुन लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि उक्त चुनाव में देरी के लिए कुछ असमंजस की स्थिति थी क्योंकि एक वार्ड सदस्य को सरकारी नौकरी मिल गई थी जिस पर संशय था कि उक्त वार्ड सदस्य चुनाव प्रक्रिया में भाग ले सकता है या नहीं। नगर पंचायत कंडाघाट के अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष पदों के लिए भाजपा का पलड़ा भारी है।