कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर घेरी सरकार

बढ़ते चिट्टा कारोबार और भर्ती में देरी पर भाजयुमो ने राज्यपाल को सौंपा ज्ञापन

स्टाफ रिपोर्टर-शिमला
प्रदेश में कानून-व्यवस्था, बढ़ते नशे के कारोबार और बेरोजगारी को लेकर भारतीय जनता युवा मोर्चा ने सोमवार को सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। भाजयुमो के प्रतिनिधिमंडल ने राजभवन पहुंचकर राज्यपाल कवीन्द्र गुप्ता को ज्ञापन सौंपा और प्रदेश के हालात पर हस्तक्षेप की मांग की। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व प्रदेश महामंत्री सुशील कड़शोली ने किया। भाजयुमो की ओर से सौंपे गए ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि प्रदेश में चिट्टा सहित अन्य मादक पदार्थों का कारोबार लगातार बढ़ रहा है और इसका असर अब ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंच चुका है। संगठन का कहना है कि इससे बड़ी संख्या में युवा नशे की चपेट में आ रहे हैं, जबकि सरकार इस पर प्रभावी नियंत्रण करने में नाकाम रही है।

भाजयुमो ने सरकारी नौकरियों में भर्ती प्रक्रिया में देरी और बढ़ती बेरोजगारी का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया। संगठन का आरोप है कि कई भर्ती परीक्षाओं के परिणाम अब तक लंबित हैं और नई भर्तियों की प्रक्रिया भी धीमी गति से चल रही है, जिससे युवाओं में निराशा बढ़ रही है। प्रदेश महामंत्री सुशील कड़शोली ने कहा कि यदि समय रहते नशे के खिलाफ कड़ी कार्रवाई नहीं की गई और युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए लंबित भर्तियों को पूरा नहीं किया गया तो इसके गंभीर परिणाम सामने आएंगे। जिला भाजयुमो अध्यक्ष सुमित ठाकुर ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द ठोस कदम नहीं उठाए तो आंदोलन तेज करेगा। भाजयुमो के अनुसार राज्यपाल ने प्रतिनिधिमंडल की बात गंभीरता से सुनी और कानून-व्यवस्था, नशे की रोकथाम तथा रोजगार से जुड़े मुद्दों पर चिंता जताते हुए आवश्यक संवैधानिक प्रक्रिया के तहत उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। प्रदेश सचिव विनिल पाल, जिला महामंत्री अक्षय गौतम, धनंजय पुरी , जिला कार्यसमिति के अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।