पांवटा में वीर नारियों-शहीदों के परिवारों को सम्मान

कारगिल विजय दिवस पर उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने शहीद स्मारक पर अर्पित किए पुष्पचक्र, पूर्व सैनिक संगठन को दो लाख देने की घोषणा

कार्यालय संवाददाता-पांवटा साहिब
कारगिल विजय दिवस के अवसर पर उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने पांवटा साहिब स्थित शहीद स्मारक पर देश की रक्षा में प्राण न्योछावर करने वाले वीर जवानों को पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस दौरान पूर्व सैनिकों, शहीद परिवारों और गणमान्य नागरिकों ने भी शहीदों को नमन किया। इसके बाद किसान भवन में भूतपूर्व सैनिक संगठन पांवटा साहिब एवं शिलाई क्षेत्र की ओर से आयोजित कार्यक्रम में उद्योग मंत्री ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। कार्यक्रम में वीरनारियों और शहीद सैनिकों के परिजनों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। उन्होंने कहा कि भारतीय सैनिक राष्ट्र का गौरव हैं। उनके अदम्य साहस और सर्वोच्च बलिदान के कारण देशवासी सुरक्षित वातावरण में जीवन व्यतीत कर रहे हैं। हिमाचल के वीर सपूतों ने भी देश की रक्षा में अभूतपूर्व शौर्य का परिचय दिया है। चौहान ने कहा कि शहीद परिवारों और वीरनारियों का सम्मान करना समाज और सरकार का दायित्व है।

उन्होंने युवाओं से देशभक्ति, अनुशासन और राष्ट्रसेवा की भावना अपनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थियों ने देशभक्ति आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, जिसके बाद प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया। उद्योग मंत्री ने पूर्व सैनिक संगठन की मांग पर शहीद स्मारक से ट्रांसफॉर्मर हटाने और सैनिक विश्राम गृह को लीज से बाहर करने का आश्वासन दिया। उन्होंने पूर्व सैनिकों के नगर परिषद टैक्स को माफ अथवा कम करने की मांग मुख्यमंत्री के समक्ष रखने की बात कही। साथ ही अपनी ऐच्छिक निधि से संगठन को दो लाख रुपए देने की घोषणा की।