धर्मशाला में कारगिल विजय दिवस समारोह आज

वार मेमोरियल में सुबह नौ बजे से शुरू होगा कार्यक्रम, 11 बजे पहुंचेंगे मुख्यातिथि लेफ्टिनेंट जनरल आकाश जोहर

सिटी रिपोर्टर- धर्मशाला
कारगिल विजय दिवस के अवसर पर रविवार को धर्मशाला स्थित वार मेमोरियल में भव्य एवं गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम की सभी तैयारियां शनिवार को ही पूरी कर ली गई हैं। देश के वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए पूर्व सैनिकों, सेना के अधिकारियों, जवानों तथा बड़ी संख्या में सेवानिवृत्त सैन्य अधिकारियों एवं सैनिकों की उपस्थिति रहेगी। वार मेमोरियल डिवेलपमेंट सोसायटी ने धर्मशाला सहित जिला कांगड़ा के नागरिकों से भी समारोह में शामिल होकर शहीदों को नमन करने की अपील की है। कार्यक्रम का शुभारंभ सुबह नौ बजे होगा। मुख्यातिथि लेफ्टिनेंट जनरल आकाश जोहर, एवीएसएम, जनरल आफिसर कमांडिंग (जीओसी) 9 कोर सुबह 11 बजे वार मेमोरियल पहुंचेंगे। उनके साथ भारतीय वायुसेना के ग्रुप कैप्टन जेना भी विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे।

मुख्यातिथि शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर कारगिल के वीर सपूतों को श्रद्धांजलि देंगे। इस अवसर पर भारतीय सेना के जवान भी शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे तथा पूरे समारोह के दौरान सैन्य सम्मान के अनुरूप गार्ड ऑफ ऑनर एवं औपचारिक सैन्य सम्मान प्रदान किया जाएगा। कार्यक्रम में पूर्व सैनिक, जिला कांगड़ा प्रशासन के अधिकारी, धर्मशाला नगर निगम के आयुक्त, राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला के एनसीसी कैडेट्स, वार मेमोरियल डेवलपमेंट सोसाइटी के सदस्य एवं बड़ी संख्या में नागरिक और पर्यटक भी उपस्थित रहेंगे। श्रद्धांजलि समारोह के उपरांत वार मेमोरियल म्यूजियम प्रांगण में मुख्य अतिथि एनसीसी कैडेट्स, पूर्व सैनिकों और उपस्थित लोगों से संवाद करेंगे। कार्यक्रम का उद्देश्य कारगिल युद्ध के वीर शहीदों के अदम्य साहस, बलिदान और देशभक्ति को याद करते हुए युवा पीढ़ी को उनसे प्रेरणा लेने का संदेश देना है।

वीरों को नमन करने का अवसर

वार मेमोरियल डिवेलपमेंट सोसायटी के प्रधान कर्नल केकेएस डढवाल ने कहा कि कारगिल विजय दिवस देश के वीर शहीदों के अद्वितीय साहस और सर्वोच्च बलिदान को स्मरण करने का दिन है। उन्होंने धर्मशाला और आसपास के क्षेत्रों के नागरिकों से समारोह में शामिल होकर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करने, युवा पीढ़ी को देशभक्ति, सेवा के लिए प्रेरित करने की अपील की है।