जिला प्रशासन ने एक मकान को करवाया खाली, दूसरे का काम रोका, एसडीएम ने क्षेत्र का किया दौरा, बारिश से धंस रही जमीन
स्टाफ रिपोर्टर-शिमला
राजधानी में बारिश ने अपना कहर दिखाना शुरू कर दिया। शहर के कुसुम्पटी की पुजारली पंचायत में शनिवार को भारी लैंड स्लाइड हो गया। इसके कारण यहां पर एक घर को खतरा बन गया है। हालांकि जिला प्रशासन ने इसे खाली करवा दिया है। वहीं प्रभावित क्षेत्र में तिरपाल भी बिछाए गए हैं। बता दें कि यहां पर एक भवन निर्माण का कार्य भी चल रहा था। लैंड स्लाइड होने के कारण इस घर का काम भी रुकवा दिया है। ग्रामीण एसडीएम मंजीत सिंह ने प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण भी किया है। उन्होंने कहा कि यहां पर सिर्फ एक घर को खतरा है, जिसे सुरक्षा को देखते हुए खाली करवाया गया है। यह लैंड स्लाइड घरों से दूर है। ऐसे में लोगों को यहां पर घबराने की जरूरत नहीं है।
मंजीत ने कहा कि लैंड स्लाइड भारी बारिश के जल प्रवाह से हुआ है। हालांकि यहां पर एक भवन निर्माण कार्य भी चल रहा है। इन्हें भी नुकसान पहुंचा है। नुकसान की रिपोर्ट तैयार की जा रही है। वहीं एसडीएम ने यहां पर स्थित घरों का भी निरीक्षण किया। एसडीएम ने कहा कि सभी घर सुरक्षित हैं। एक घर का हल्का सा आंगन गिरा है। वहां पर तिरपाल बिछाया गया है। वहीं एक घर का काम बरसात खत्म होने तक रोका है। बरसात के बाद ही डंगा लगाने का काम शुरू करने के आदेश भी दिए हैं। वहीं यहां पर जो नुकसान हुआ है उसकी रिपोर्ट के आधार पर प्रभावितों को मुआवजा दिया जा सकता है। हालांकि स्थानीय लोगों का कहना है कि यहां पर करीब पांच से सात घरों को खतरा बन गया है। लगातार बारिश हो रही है और जमीन भी धंस रही है। ऐसे में घरों को खतरा बना है।
एसडीएम ने किया दौरा
एसडीएम ग्रामीण ने मंजीत सिंह बताया कि पुजारली का दौरा किया है। एक घर को सुरक्षा को देखते हुए खाली करवाया गया है। यहां पर एक घर का काम भी चल रहा है, जिसे रोक दिया है। यहां पर तिरपाल भी बिछाए गए हैं।