विकास योजनाओं को समयबद्ध पूरा करें अधिकारी

विधायक संजय अवस्थी ने सुनीं लोगों की समस्याएं; बोले, विकास ही सरकार की प्राथमिकता
स्टाफ रिपोर्टर-अर्की
अर्की के विधायक संजय अवस्थी ने कहा कि आमजन तक विकास का लाभ पहुंचाने के लिए सभी विकास योजनाओं को समयबद्ध पूरा करना आवश्यक है। वह गुरुवार को अर्की विश्राम गृह में जनसमस्याएं सुनने के बाद लोगों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने सभी विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि विकास कार्यों के लिए आवंटित धनराशि निर्धारित समयावधि में खर्च की जाए, ताकि लोगों को योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार समाज के हर वर्ग के कल्याण के लिए कार्य कर रही है। ग्रामीण विकास और किसानों की आय बढ़ाने के लिए अनेक योजनाएं प्रभावी ढंग से लागू की जा रही हैं। संजय अवस्थी ने कहा कि पिछले साढ़े तीन वर्षों में अर्की विधानसभा क्षेत्र की सभी ग्राम पंचायतों को विकास कार्यों के लिए पर्याप्त धनराशि उपलब्ध कराई गई है।

उन्होंने अधिकारियों से योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाने और जनसमस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस समिति की महासचिव और विधानसभा क्षेत्र अर्की की प्रभारी अनीता वर्मा, ब्लॉक कांग्रेस अर्की के अध्यक्ष सतीश कश्यप, नगर पंचायत के पार्षद गण तथा नवनिर्वाचित प्रधान, उप-प्रधान, बीडीसी सदस्य उपमंडलाधिकारी अर्की निशांत तोमर, अधिशाषी अभियंता विद्युत बोर्ड संदीप कुमार, एसडीओ जल शक्ति विभाग विनय कुमार, एसडीओ लोक निर्माण विभाग बेली राम, खंड चिकित्सा अधिकारी डा. मुक्ता रस्तोगी, डीएफओ कुनिहार राजकुमार सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी एवं गणमान्य व्यक्ति तथा क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।