‘ऑपरेशन सेफ स्ट्रीट’: बिना नंबर प्लेट के दस बाइक जब्त

बरोटीवाला में बद्दी पुलिस का विशेष अभियान, 22 के चालान

दिव्य हिमाचल ब्यूरो-बद्दी
सडक़ सुरक्षा को मजबूत करने और अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से बद्दी पुलिस ने बरोटीवाला क्षेत्र में ‘ऑपरेशन सेफ स्ट्रीट’ के तहत विशेष अभियान चलाकर बिना नंबर प्लेट सडक़ों पर दौड़ रहे 10 दोपहिया वाहनों को जब्त किया। इसके साथ ही यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 22 अन्य वाहन चालकों के चालान भी किए गए। पुलिस का कहना है कि बिना नंबर प्लेट वाले वाहनों का इस्तेमाल कई बार छीना-झपटी और अन्य आपराधिक घटनाओं में किया जाता है, जिससे आरोपियों की पहचान करने में कठिनाई होती है। ऐसे में इस तरह के वाहनों के खिलाफ आगे भी लगातार कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस अधीक्षक बद्दी विनोद धीमान के निर्देशानुसार चलाए गए इस अभियान का संचालन अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अशोक वर्मा के पर्यवेक्षण में पुलिस थाना बरोटीवाला और यातायात पुलिस (टीटीआर) की संयुक्त टीम ने किया। अभियान के दौरान क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर विशेष नाकाबंदी कर वाहनों की गहन जांच की गई। जांच के दौरान सार्वजनिक सडक़ों पर बिना नंबर प्लेट संचालित 10 दोपहिया वाहनों को मोटर वाहन अधिनियम के तहत जब्त किया गया, जबकि अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 22 वाहन चालकों के चालान किए गए। पुलिस के अनुसार, अपराधी अक्सर वारदातों के दौरान पहचान छिपाने के लिए बिना नंबर प्लेट वाले वाहनों का उपयोग करते हैं। इससे अपराध में प्रयुक्त वाहन का पता लगाने और आरोपियों तक पहुंचने में परेशानी होती है।

इसी को ध्यान में रखते हुए यह विशेष अभियान चलाया गया है, ताकि सडक़ सुरक्षा के साथ-साथ कानून-व्यवस्था भी और अधिक प्रभावी बनाई जा सके। बद्दी पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे अपने वाहनों पर निर्धारित मानकों के अनुरूप वैध नंबर प्लेट अवश्य लगवाएं तथा सभी यातायात नियमों का पालन करें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि बिना नंबर प्लेट अथवा अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध भविष्य में भी इसी प्रकार सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। पुलिस ने दोहराया कि सडक़ सुरक्षाए अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था बनाए रखना उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।