पांवटा अग्निकांड, पड़ोसी ने रची थी कार जलाने की साजिश

कार पार्किंग विवाद बना वारदात की वजह; यमुनानगर से बुलाए थे बदमाश, छह आरोपी गिरफ्तार, मास्टरमाइंड न्यायिक हिरासत में

कार्यालय संवाददाता—पांवटा साहिब
पांवटा साहिब के वार्ड नंबर-8 स्थित एसडीएम कार्यालय के समीप हुई सनसनीखेज आगजनी की वारदात का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। जांच में सामने आया है कि पीडि़त का पड़ोसी ही इस घटना का मुख्य साजिशकर्ता निकला। पुलिस ने आरोपी अक्षत गर्ग पुत्र भूपेंद्र गर्ग निवासी वार्ड-8 मेन बाजार पांवटा साहिब को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी और पीडि़त रणजीत सिंह के परिवार के बीच घर के बाहर कार पार्किंग को लेकर विवाद चल रहा था। इसी रंजिश का बदला लेने के लिए अक्षत ने यमुनानगर के बदमाशों को वारदात अंजाम देने के लिए पांच हजार रुपए एडवांस दिए। चार मई की रात करीब डेढ़ बजे दो बाइकों पर सवार पांच नकाबपोश बदमाश पीडि़त के घर पहुंचे और आंगन में खड़ी पजेरो स्पोट्र्स कार पर पेट्रोल छिडक़कर आग लगा दी। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची तथा आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुका था।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सिरमौर निश्चिंत सिंह नेगी के निर्देश पर विशेष जांच टीम गठित की गई। टेक्निकल सर्विलांस, सीसीटीवी फुटेज और वित्तीय लेनदेन की जांच के आधार पर पुलिस यमुनानगर पहुंची, जहां से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ के बाद पुलिस मुख्य साजिशकर्ता तक पहुंची। अब तक इस मामले में छह आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इनमें मुख्य साजिशकर्ता अक्षत गर्ग, उसका भाई धवल गर्ग, कमल और विजय कुमार निवासी भगवानगढ़ (यमुनानगर), निखिल निवासी जगाधरी तथा बिल्ला निवासी हमीदा, जगाधरी शामिल हैं। पुलिस के अनुसार बिल्ला ने शूटरों की व्यवस्था कराई और पैसों के लेन-देन में मध्यस्थ की भूमिका निभाई। जानकारी के अनुसार, अक्षत गर्ग ने अग्रिम जमानत के लिए हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया था, लेकिन अदालत ने उसे आत्मसमर्पण करने के निर्देश दिए। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर मंगलवार को अदालत में पेश किया, जहां से उसे 20 जुलाई तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। एसपी निश्चिंत सिंह नेगी ने बताया कि यह पूरी तरह पूर्व नियोजित साजिश थी। पुलिस ने तकनीकी और फोरेंसिक साक्ष्यों के आधार पर पूरे गिरोह का खुलासा किया है। मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस की इस कार्रवाई की क्षेत्र में व्यापक सराहना हो रही है।