निजी संवाददाता-नैनाटिक्कर
नाहन से सराहां, नैनाटिक्कर, कुम्हारहट्टी होते हुए सोलन और शिमला जाने वाली एचआरटीसी बस पिछले करीब पांच महीनों से नियमित रूप से संचालित नहीं हो रही है। इससे रोजाना यात्रा करने वाले सरकारी व निजी कर्मचारी, छात्र-छात्राएं, मरीज और आम लोग भारी परेशानी झेल रहे हैं। क्षेत्रवासियों का कहना है कि यह बस कई दशकों से इस मार्ग की प्रमुख परिवहन सुविधा रही है। विशेषकर शाम छह बजे सोलन से नाहन आने वाली बस छात्राओं के लिए सुरक्षित यात्रा का प्रमुख साधन थी।
बस सेवा प्रभावित होने से अभिभावकों ने छात्राओं की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है। लोगों का कहना है कि आईजीएमसी शिमला जाने वाले मरीजों और नौकरीपेशा लोगों को भी बस न मिलने से अतिरिक्त परेशानी उठानी पड़ रही है। उन्होंने एचआरटीसी और सरकार से बस सेवा तत्काल नियमित करने की मांग की है। इस संबंध में एचआरटीसी नाहन के उपमंडलीय प्रबंधक ने बताया कि बसों की कमी और कुछ बसों के खराब होने के कारण सेवा प्रभावित हुई थी। उन्होंने आश्वासन दिया कि गुरुवार (आज) से इस रूट पर बस का नियमित संचालन शुरू कर दिया जाएगा।