स्मार्ट सिटी की पार्किंग पर परमानेंट कब्जा

जोनल अस्पताल के पास दो पार्किंग स्पॉट आम वाहन चालकों की पहुंच से बाहर,सब्जी और आईसक्रीम वालों ने जमाया डेरा

नगर संवाददाता- धर्मशाला
धर्मशाला में स्मार्ट सिटी परियोजना के अंतर्गत पिछले वर्ष के अंत में शहर की मुख्य सडक़ का नवीनीकरण किया गया था। इसके साथ ही सडक़ पर जहां-जहां पर्याप्त स्थान उपलब्ध था, वहां पीली रेखाएं खींचकर वाहनों के लिए पार्किंग स्थल भी चिह्नित किए गए थे, ताकि शहर में पार्किंग व्यवस्था को बेहतर बनाया जा सके और सडक़ किनारे वाहनों की अव्यवस्थित पार्किंग पर रोक लगाई जा सके। हालांकि, जोनल अस्पताल धर्मशाला के समीप इस व्यवस्था का उद्देश्य प्रभावित होता देखने को मिल रहा है। जोनल अस्पताल के पास सडक़ किनारे बनाए गए पार्किंग स्थलों में से कुछ पर खाद्य सामग्री और सब्जियां बेचने वाले ट्रक स्थायी रूप से खड़े रहने लगे हैं। पहले यहां केवल एक सब्जी विक्रेता का ट्रक नियमित रूप से पार्किंग स्थल पर खड़ा रहता था, लेकिन अब उसके साथ एक आइसक्रीम वैन भी लगातार वहीं खड़ी रहने लगी है। परिणामस्वरूप कम से कम दो चिह्नित पार्किंग स्थान आम वाहन चालकों के उपयोग से बाहर हो गए हैं। क्षेत्र के स्थानीय लोगों और वाहन चालकों का कहना है कि सार्वजनिक पार्किंग स्थलों का उद्देश्य सभी के लिए अल्पकालिक पार्किंग सुविधा उपलब्ध कराना है, न कि किसी एक व्यावसायिक वाहन द्वारा उन्हें स्थायी रूप से घेर लेना। अस्पताल क्षेत्र होने के कारण यहां मरीजों, उनके परिजनों और अन्य आगंतुकों की आवाजाही लगातार बनी रहती है, ऐसे में प्रत्येक पार्किंग स्थान महत्वपूर्ण है। दो स्थानों के स्थायी रूप से अवरुद्ध रहने से पार्किंग की उपलब्धता और अधिक प्रभावित हो रही है।

स्थानीय लोगों का यह भी कहना है कि यदि समय रहते इस स्थिति पर ध्यान नहीं दिया गया तो भविष्य में अन्य व्यावसायिक वाहन भी सडक़ किनारे चिन्हित पार्किंग स्थलों को स्थायी रूप से घेरना शुरू कर सकते हैं। स्थानीय निवासी मानक पठानिया ने बताया कि इस स्थान पर पहले एक ट्रक खड़ा रहता था, लेकिन नगर निगम द्वारा कोई कार्रवाई ना किए जाने के चलते अब यहां दो ट्रक स्थाई रूप से पार्क देखने को मिलते हैं। उन्होंने कहा कि यदि अभी भी कार्रवाई नहीं हुई तो अन्य व्यावसायिक वाहन भी सार्वजनिक पार्किंग स्थलों पर स्थायी कब्जा करना शुरू कर सकते हैं।

पार्किंग स्थल आम ड्राइवरों को उपलब्ध रखने की मांग
इससे स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत विकसित पार्किंग व्यवस्था का उद्देश्य प्रभावित होगा और आम लोगों को मिलने वाली सुविधा धीरे-धीरे सीमित होती चली जाएगी। लोगों ने नगर निगम और संबंधित विभाग से सार्वजनिक पार्किंग स्थलों के उपयोग को लेकर स्पष्ट व्यवस्था लागू करने तथा पार्किंग स्थलों को आम वाहन चालकों के लिए उपलब्ध बनाए रखने की मांग
की है।