पुलिस ने दबोचे पांच चिट्टा तस्कर

सदर, स्वारघाट और भराड़ी थाना के तहत कड़ी कार्रवाई, नशा तस्करों पर रखी जा रही पैनी नजर

कार्यालय संवाददाता-बिलासपुर
जिला बिलासपुर पुलिस की चिट्टा माफिया के खिलाफ कार्रवाई जारी है। पुलिस ने एक बार फिर चिट्टा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पांच चिट्टा तस्करों को दबोचा है। जिला पुलिस द्वारा इनके कब्जा से 7.01 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया है। पुलिस ने तीन अलग-अलग जगह पर यह कार्रवाई अमल में लाई है। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार पहले मामले में स्वारघाट पुलिस द्वारा वाहनों की चैकिंग की जा रही थी। इस दौरान एक कार आई, जिसे चैकिंग के लिए रोका गया। पुलिस ने जब कार की चैकिंग ली तो 1.96 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। वहीं, कार में सवार इन आरोपियों की पहचान सुरेंद्र कुमार निवासी गांव बागी डाकघर बिनौला जिला बिलासपुर, गौतम राम निवासी व डाकघर बेरी रजादियां जिला बिलासपुर, रणदी ठाकुर निवासी गांव डाकघर रघुनाथपुरा जिला बिलासपुर के तौर पर हुई है।

पुलिस ने इन तीनों के खिलाफ आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। इसके अलावा पुलिस थाना भराड़ी की टीम ने एक आरोपी को 2.02 ग्राम चिट्टे के साथ पकड़ा है। इसकी पहचान अजय कुमार निवाी गांव खनोट, तहसील बलद्वाड़ा जिला मंडी के तौर पर हुई है। पुलिस द्वारा नाका लगाया हुआ था। इस दौरान एक टैंपों आया और चैकिंग के लिए रोका। जब चैकिंग ली गई तो चिट्टा बरामद हुआ। वहीं, सदर पुलिस टीम की ओर से भी कार्रवाई की गई है। पुलिस द्वारा एक ट्रक से 3.03 ग्राम चिट्टा बरामद किया है। आरोपी की पहचान सुभाष कुमार निवासी गांव व डाकघर बिनौला तहसील सदर जिला बिलासपुर के तौर पर हुई है। उधर, इस बारे में एसपी बिलासपुर अभिषेक धीमान ने बताया कि पुलिस की ओर से नशा माफिया के खिलाफ लगातार कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। उन्होंने कहा कि जिला पुलिस की ओर से तीन नए मामलों में चिट्टे के साथ पांच लोगों को पकड़ा है। पुलिस ने इन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस ने अवैध शराब बरामद की, मामला दर्ज

शाहतलाई। शाहतलाई पुलिस ने अवैध शराब बरामद की है। पुलिस ने 12 बोतल अवैध देसी शराब वीआरवी संतरा बरामद की। पुलिस ने संबधित व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।