गड्ढों की भरमार, सफर जोखिम भरा

पांवटा-बांगरण रोड पर बांगरण चौक से एकता कालोनी तक सडक़ की बिगड़ी सूरत

कार्यालय संवाददाता- पांवटा साहिब
पांवटा साहिब की सबसे व्यस्त संपर्क सडक़ों में से एक बांगरण रोड पर सफर करना अब जान हथेली पर लेकर चलने जैसा हो गया है। बांगरण चौक से एकता कालोनी तक करीब एक किलोमीटर के हिस्से में सडक़ का नामोनिशान मिट चुका है। बरसात की पहली तेज बारिश में ही सडक़ पर 50 से ज्यादा बड़े गड्ढे बन गए हैं। इनमें से कई गड्ढे दो से तीन फीट गहरे और पांच-छह फीट चौड़े हैं। पानी भरने के बाद यह गड्ढे मौत के कुंड बन चुके हैं जो रोजाना भीषण सडक़ हादसों को दावत दे रहे हैं। मौके पर जाकर देखने से पता चला कि बांगरण चौक से एकता कालोनी मोड़ तक हर 15-20 मीटर पर बड़े गड्ढे हैं। गड्ढों के बीच बची-खुची तारकोल उखडक़र रोड़े बन गई है। कीचड़ और पानी के कारण दोपहिया वाहन सवारों का संतुलन बनाना नामुमकिन हो गया है। दिव्य हिमाचल के 30 मिनट के सर्वे में ही तीन बाइक सवार फिसल कर गिरे, जिनमें एक बुजुर्ग महिला भी शामिल थी। स्थानीय दुकानदार ने बताया कि सुबह से शाम तक 20-25 लोग तो उनकी आंखों के सामने ही गिरते हैं।

रात को तो हालात और खराब हैं, क्योंकि यहां एक किलोमीटर तक एक भी स्ट्रीट लाइट नहीं जलती। इस सडक़ से एकता कालोनी, न्यू कालोनी, शिवपुर और शमशेरपुर गांव के करीब पांच हजार से ज्यादा लोग रोज गुजरते हैं। इसी रास्ते पर दो प्राइवेट स्कूल, तीन कोचिंग सेंटर और कई क्लीनिक भी हैं। सुबह सात से नौ और दो एक से तीन बजे तक यहां स्कूली बच्चों की भारी भीड़ रहती है।। उधर, पीडब्ल्यूडी के एक्सईएन सूर्यकांत ने बताया कि सडक़ की हालत खराब है। बांगरण चौक से एकता कालोनी वाया शमशेरपुर तक सडक़ के नवीनीकरण के लिए 1.80 करोड़ का एस्टीमेट बनाकर सरकार को भेजा है। मंजूरी मिलते ही बरसात के तुरंत बाद टेंडर लगाकर काम शुरू होगा। नालियों को भी पक्का किया जाएगा। अस्थायी राहत के लिए दो-तीन दिन में गड्ढों में क्रशर डस्ट डलवाने का दावा भी किया गया।