वीर नारियों और शहीद परिवारों को मिलेगा सम्मान, 15 अगस्त तक चलेगा अभियान
दिव्य हिमाचल ब्यूरो – हमीरपुर
सर्वजनकल्याण सभा इस वर्ष कारगिल विजय दिवस 26 जुलाई से लेकर स्वतंत्रता दिवस 15 अगस्त तक एक विशेष शहीद सम्मान अभियान चलाएगी। इस अभियान के तहत सभा के सदस्य शहीदों के परिवारों के घर-घर जाकर उन्हें सम्मानित करेंगे और वीर सपूतों को अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। रविवार को सर्वजनकल्याण सभा हमीरपुर इकाई द्वारा धनेड़ पंचायत के तलासी गांव में जा कर शहीद अमित कुमार के घर जा कर शहीद अमित कुमार को श्रद्धासुमन अर्पित किए गए व उनके परिवार जनों को सम्मानित किया गया।
इसी के साथ खटवीं धार में शहीद मिलखी राम जी को श्रद्धासुमन अर्पित कर उनके परिवार जनों को सम्मानित किया गया। नवीन शर्मा ने कहा कि धनेड़ गांव में शहीद सुरेश कुमार के घर जा कर परिवार जनों को सम्मानित किया व शहीद सुरेश कुमार को श्रद्धासुमन अर्पित किए गए। नवीन शर्मा ने कहा कि देश की सीमाओं की रक्षा के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले वीर योद्धाओं का कर्ज कभी नहीं चुकाया जा सकता।
स्मृति चिह्न-शॉल भेंट कर सम्मानित करेंगी टीमें
उन्होंने बताया कि 26 जुलाई से शुरू होकर यह कार्यक्रम निरंतर 15 अगस्त तक चलेगा। इस दौरान सभा की विभिन्न टीमें अलग-अलग क्षेत्रों में जाकर शहीद परिवारों से मुलाकात करेंगी, उन्हें स्मृति चिह्न व शॉल भेंट कर सम्मानित करेंगी और उनकी हरसंभव सहायता का संकल्प दोहराएंगी।