मेडिकल कालेज में बीपी और शुगर की दवाई का संकट

स्टॉक खत्म होने से मरीज हो रहे परेशान, फार्मेसी में दवाई न मिलने पर बाहरी मेडिकल स्टोर के लगा रहे चक्कर

स्टाफ रिपोर्टर – हमीरपुर
डॉ. राधाकृष्णन मेडिकल कालेज एवं अस्पताल हमीरपुर में कई दवाईयों का स्टॉक समाप्त हो गया है। इस कारण मरीजों को बाहरी मेडिकल स्टोर से दवाईयां खरीदनी पड़ रही है, जिस वजह से आर्थिक नुकसान हो रहा है। मेडिकल कालेज में बीपी की दवाई समाप्त हो गई है। वहीं शुगर की एक दवाई का स्टॉक भी खत्म हो चुका है। इसके साथ ही कई दवाइयों का स्टॉक समाप्त होने की कगार पर पहुंच गया है। यदि जल्द दवाईयों की आपूर्ति नहीं होती है तो आने वाले समय में कई अन्य दवाइयां भी मरीजों को फार्मेसी पर नहीं मिल पाएंगी। इसलिए दवाईयों का स्टॉक जल्द उपलब्ध होना अनिवार्य है। सूत्रों के हवाले से प्राप्त सूचना के मुताबिक मेडिकल कालेज में कॉटन रोल की भी कमी पैदा हो गई है जबकि इसकी खपत बहुत ज्यादा है। इसलिए प्रर्याप्त मात्रा में इसका अस्पताल में उपलब्ध होना अनिवार्य है। यह भी बताया जाता है कि प्रबंधन ने कुछ व्यवस्था कर इसे उपलब्ध करवाया है, लेकिन यह समस्या का स्थायी समाधान नहीं है। इसका पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध होना अनिवार्य है।

हालांकि डीवीडीएमएस पोर्टल पर दर्वाइयों की डिमांड दी गई है लेकिन अभी तक आपूर्ति न होने की सूरत में कमी बरकरार है। कुछ दवाईयों का स्टॉक पूरी तरह से समाप्त हो चुका है। बता दें कि मेडिकल कालेज एवं अस्पताल हमीरपुर में निशुल्क दवाइयां मरीजों को उपलब्ध करवाई जाती है। चिकित्सक द्वारा दवाई लिखे जाने के उपरांत मरीज सीधा मेडिकल कालेज की फॉर्मेसी में ही पहुंचता है। यहां पर निशुल्क दवाइयां उपलब्ध करवाई जाती है। वर्तमान हालात ऐसे हैं कि बीपी की दवाई का स्टॉक समाप्त हो गया है तथा शुगर की भी एक दवाई खत्म हो चुकी है। अकसर ऐसा देखा गया है कि फार्मेसी में कोई न कोई दवाई समाप्त रहती है। बीपी व शुगर की दवाई की खपत बहुत अधिक होती है। बीमारी के अनुरूप चिकित्सक इन दवाइयों को लिखते हैं तथा अधिक खपत होने के कारण इनका स्टॉक जल्द समाप्त हो जाता है। ऐसा ही इस बार भी देखने को मिला रहा है, पिछले काफी दिनों से दवाई का स्टॉक समाप्त हो चुका है।

मरीजों की बढ़ी मुश्किलें

मरीजों मनोज कुमार, विवेक कुमार, प्रमोद सिंह, अंकित कुमार, गुलशन कुमार, अजय शर्मा, विजय कुमार, प्रोमिला देवी, विमला देवी, मनोरमा देवी, संजय कुमार आदि ने बताया कि बीपी व शुगर की दवाई का स्टॉक समाप्त हो चुका है। उन्होंने मेडिकल कालेज प्रबंधन से मांग की है कि जल्द समाप्त हो चुकी दवाई का स्टॉक उपलब्ध करवाया जाए।