गड्ढों पर डामर नहीं, मिट्टी का मरहम

डोली के पास सडक़ बदहाल, मिट्टी डालकर निभाया जा रहा फर्ज

सिटी रिपोर्टर – सुजानपुर
सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत डोली में पुरानी आर्मी कैंटीन के पास सडक़ की बदहाल स्थिति बनी हुई है। यह सडक़ स्थानीय लोगों के लिए लगातार परेशानी का कारण बनी हुई है। सडक़ पर पड़े गहरे गड्ढों के कारण वाहन चालकों और राहगीरों को रोजाना जोखिम उठाकर सफर करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि लोक निर्माण विभाग द्वारा गड्ढों की स्थायी मरम्मत करने के बजाय केवल मिट्टी डालकर खानापूर्ति की जा रही है। जैसे ही बारिश होती है मिट्टी पानी के साथ बह जाती है और सडक़ फिर पहले जैसी जर्जर हालत में पहुंच जाती है।

अब अस्थायी जुगाड़ नहीं चलेगा
ग्रामीणों का कहना है कि इस मार्ग से प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग, स्कूली बच्चे और दोपहिया वाहन चालक गुजरते हैं, जिससे दुर्घटना की आशंका लगातार बनी रहती है। लोगों ने विभाग और प्रशासन से मांग की है कि सडक़ की अस्थायी नहीं, बल्कि गुणवत्तापूर्ण और स्थायी मरम्मत करवाई जाए।