सोलन कालेज को डिजिटल लाइब्रेरी की सौगात

स्वास्थ्य मंत्री डा. धनीराम शांडिल ने किया शुभारंभ, 25.20 लाख रुपए से तैयार हुई आधुनिक सुविधाओं से लैस लाइब्रेरी

दिव्य हिमाचल ब्यूरो-सोलन
स्वास्थ्य एवं सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री कर्नल डॉ. धनीराम शांडिल ने सोमवार को राजकीय महाविद्यालय सोलन में लगभग 25.20 लाख रुपए की लागत से स्थापित डिजिटल पुस्तकालय का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि शिक्षा व्यक्ति के ज्ञान, कौशल, नैतिक मूल्यों और आत्मविश्वास का विकास करती है तथा समाज और राष्ट्र के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार प्राथमिक स्तर से ही शिक्षा व्यवस्था को मजबूत कर रही है। युवाओं को नशे से बचाने के लिए ‘चिट्टा मुक्त अभियान’ प्रभावी ढंग से चलाया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री सुखाश्रय और इंदिरा गांधी सुख शिक्षा योजनाओं के तहत इस वर्ष सोलन जिले में करीब 1.60 करोड़ रुपए खर्च किए गए हैं। डॉ. शांडिल ने विद्यार्थियों से अपने माता-पिता और वरिष्ठों का सम्मान करने तथा पारंपरिक मूल्यों को अपनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. मनीषा कोहली ने मुख्यातिथि का स्वागत किया और कालेज की आवश्यकताओं से अवगत कराया। इसके बाद स्वास्थ्य मंत्री ने क्षेत्रीय अस्पताल सोलन का निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और लोगों की समस्याएं भी सुनीं।