दो महीने के लिए दस गोताखोर तैनात

कार्यालय संवाददाता-पांवटा साहिब
पांवटा साहिब में लगातार हो रही बारिश के कारण यमुना नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। नदी के उफान और संभावित हादसों को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। शुक्रवार को एसडीएम पांवटा साहिब द्विज गोयल ने यमुना नदी के तट का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने तट पर ड्यूटी पर तैनात 10 गोताखोरों को अपने कार्यालय बुलाकर 10 रेनकोट वितरित किए। इस दौरान एसडीएम पांवटा द्विज गोयल ने कहा कि बरसात के मौसम में ड्यूटी के दौरान गोताखोरों को किसी प्रकार की दिक्कत न हो इसके लिए यह इंतजाम किए गए हैं। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि गोताखोरों को जल्द ही लाइफ जैकेट भी उपलब्ध करवाए जाएंगे, ताकि बचाव कार्य के दौरान उनकी अपनी सुरक्षा भी सुनिश्चित हो सके।

एसडीएम द्विज गोयल ने बताया कि भारी बरसात और यमुना के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए यमुना तट पर दो महीने के लिए 10 गोताखोरों की विशेष तैनाती की गई है। यह गोताखोर दो शिफ्टों में ड्यूटी करेंगे। पहली शिफ्ट सुबह आठ बजे से दोपहर तीन बजे तक और दूसरी शिफ्ट शाम आठ बजे से सुबह नौ बजे तक तैनात रहेगी। प्रत्येक शिफ्ट में पांच-पांच गोताखोर तैनात रहेंगे। गोताखोरों का मुख्य कार्य नदी के किनारे आने-जाने वाले लोगों पर नजर रखना, नदी में नहाने या फोटो खींचने वालों को रोकना और किसी आपात स्थिति में तुरंत बचाव अभियान चलाना होगा। एसडीएम ने कहा कि आपदा प्रबंधन, पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीमें भी अलर्ट मोड पर हैं।