जिला स्तरीय नागनी माता मेले की तैयारियों को लेकर एसडीएम नूरपुर अरुण शर्मा ने की समीक्षा बैठक
कार्यालय संवाददाता- नूरपुर
नागनी माता मंदिर में 18 जुलाई से आयोजित होने वाले पारंपरिक एवं आस्था के प्रतीक जिलास्तरीय नागनी माता मेले की तैयारियों को लेकर सोमवार को नूरपुर में एक समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता एसडीएम नूरपुर अरुण शर्मा ने की। इस अवसर पर एसडीएम अरुण शर्मा ने बताया कि मेले का शुभारंभ 18 जुलाई को भव्य शोभायात्रा के साथ होगा। उन्होंने बताया कि इस अवसर पर उपायुक्त हेमराज बैरवा मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा एवं स्वच्छता को सर्वोच्च प्राथमिकता प्रदान की जाए। प्रतिवर्ष मेले में हजारों श्रद्धालु पहुंचते हैं, इसलिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए सभी आवश्यक तैयारियां समय रहते पूर्ण करना सुनिश्चित करें। बैठक में निर्णय लिया गया कि मंदिर परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में समुचित साफ-सफाई, पेयजल की निर्बाध आपूर्ति, निर्बाध विद्युत आपूर्ति तथा प्राथमिक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी। पुलिस विभाग को सुरक्षा व्यवस्थाए यातायात नियंत्रण एवं पार्किंग की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
वहीं खाद्य सुरक्षा विभाग को खाद्य प्रतिष्ठानों का नियमित निरीक्षण करने तथा सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग पर प्रभावी कार्रवाई करते हुए चालान करने के निर्देश भी दिए गए। एसडीएम ने बताया कि नायब तहसीलदार गगन सिंह को मेले का मेला अधिकारी नियुक्त किया गया है। बैठक में नायब तहसीलदार एवं मेला अधिकारी गगन सिंह, बीडीओ अशोक कुमार, एसएचओ सुरिंदर कुमार, एसएमओ डा. सतीश, निरीक्षक माप-तोल विनोद कुमार, मंदिर समिति के प्रधान विशाल कटोच, नागनी पंचायत उपप्रधान किशोर सिंह, पंचायत सचिव प्यार सिंह, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति निरीक्षक मनोज कुमार सहित स्वास्थ्य, जलशक्ति, लोक निर्माण तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।