प्रोफेसर बोले, हमारी प्रोमोशन आखिर कब होगी

लंबित पदोन्नतियों पर कालेज प्राध्यापकों ने गेट मीटिंग कर पूछा सवाल

स्टाफ रिपोर्टर-दौलतपुर चौक
प्रदेश के महाविद्यालय प्राध्यापकों की वर्षों से लंबित पदोन्नतियों को लेकर असंतोष अब खुलकर सामने आने लगा है। इसी क्रम में सोमवार को राजकीय उत्कृष्ट महाविद्यालय, दौलतपुर चौक के प्राध्यापकों ने हिमाचल प्रदेश राजकीय महाविद्यालय प्राध्यापक संघ के आह्वान पर महाविद्यालय परिसर में गेट मीटिंग आयोजित कर सरकार के प्रति अपना गहरा रोष व्यक्त किया।

प्राध्यापकों प्रो सतिंद्र शर्मा, प्रो रमन, प्रो मनोज कहोल इत्यादि ने कहा कि लंबे समय से उनकी वैधानिक पदोन्नतियां लंबित पड़ी हैं, जबकि सरकार के अन्य विभागों में नियमित रूप से पदोन्नतियां की जा रही हैं। ऐसे में महाविद्यालय प्राध्यापकों के साथ लगातार भेदभावपूर्ण रवैया अपनाया जा रहा है, जिससे उनमें निराशा और असंतोष बढ़ता जा रहा है। उन्होंने कहा कि पदोन्नति केवल आर्थिक लाभ का विषय नहीं है, बल्कि यह शिक्षकों के सम्मान, मनोबल और कार्यक्षमता से भी जुड़ा हुआ है। उन्होंने कहा कि वर्षों से लंबित पदोन्नतियों के कारण शिक्षकों का मनोबल प्रभावित हो रहा है।