जदोल टपोरोली पंचायत का दौरा कर बरसाती नुकसान का लिया जायजा, स्कूल का भी किया निरीक्षण
नगर संवाददाता—राजगढ़
उपमंडल राजगढ़ के एसडीएम राजकुमार ठाकुर ने जदोल टपोरोली पंचायत का दौरा कर विकास कार्यों, शैक्षणिक व्यवस्थाओं और हाल की बारिश से हुए नुकसान का निरीक्षण किया। इस दौरान तहसीलदार प्रकाश चंद पांटा भी उनके साथ मौजूद रहे। दौरे का उद्देश्य ग्रामीण समस्याओं का मौके पर समाधान और प्रशासन व जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना रहा। एसडीएम ने सडक़ किनारे पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया और कहा कि जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने के लिए अधिक से अधिक पौधारोपण जरूरी है।
इसके बाद उन्होंने राजकीय माध्यमिक विद्यालय पैन कुफर का औचक निरीक्षण कर विद्यार्थियों की उपस्थिति, शिक्षण व्यवस्था, स्वच्छता और मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया। विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए उन्होंने मोबाइल फोन का उपयोग केवल पढ़ाई और आवश्यक कार्यों तक सीमित रखने की सलाह दी तथा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर जोर दिया। दौरे के दौरान एसडीएम ने बारिश से क्षतिग्रस्त संपर्क मार्गों, पुलियों, नालियों और अन्य सार्वजनिक परिसंपत्तियों का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित विभागों को क्षति का शीघ्र आकलन कर प्राथमिकता के आधार पर मरम्मत और बहाली के निर्देश दिए। साथ ही कई स्थानीय शिकायतों का मौके पर ही समाधान भी कराया। एसडीएम ने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य गांव-गांव पहुंचकर लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान करना है। उन्होंने सभी विभागों को बरसात के मौसम में सतर्क रहने और किसी भी आपदा से निपटने के लिए पूरी तैयारी रखने के निर्देश दिए।