रायंसरी में रेलवे ओवरब्रिज के नीचे भरा पानी

राहगीरों और स्कूली छात्रों की बढ़ी परेशानी, जल्द से जल्द समस्या हल करने के लिए उठाई मांग

नगर संवाददाता-ऊना
ऊना-टक्का मार्ग पर रायंसरी स्थित रेलवे ओवरब्रिज के नीचे बारिश के बाद जलभराव की समस्या लगातार बनी हुई है। हर बारिश के बाद ओवरब्रिज के नीचे करीब दो से अढ़ाई फीट तक पानी जमा हो जाता है, जिससे वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो रही है। सबसे अधिक परेशानी दोपहिया वाहन चालकों, स्कूली छात्रों और रोजाना इस मार्ग से आने-जाने वाले लोगों को उठानी पड़ रही है। जलभराव के कारण कई बार वाहन चालकों को बीच रास्ते से वापस लौटना पड़ता है। मजबूरी में लोगों को वाया कुरियाला मोड़ या वाया बसाल होकर ऊना पहुंचना पड़ता है। इससे उनका समय तो खराब होता ही है, साथ ही अतिरिक्त दूरी तय करने से ईंधन का खर्च भी बढ़ जाता है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि कुछ समय पहले इस सडक़ को करीब डेढ़ फुट ऊंचा किया गया था, लेकिन जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं की गई। सडक़ ऊंची होने के कारण बारिश का पानी ओवर ब्रिज के नीचे ही जमा होकर तालाब का रूप ले लेता है। इससे राहगीरों और वाहन चालकों के लिए खतरा भी बना रहता है। लोगों ने संबंधित विभाग से मांग की है कि समस्या का स्थायी समाधान किया जाए। बरसात के मौसम में हर बार यही स्थिति बनती है, लेकिन अब तक प्रभावी कदम नहीं उठाए गए हैं। स्थानीय निवासियों ने जल्द जल निकासी भी दुरुस्त हो।