दिव्य हिमाचल ब्यूरो – हमीरपुर
विद्यार्थियों में पढऩे की आदत विकसित करने, ज्ञान के प्रति जिज्ञासा बढ़ाने तथा कल्पनाशीलता को नई उड़ान देने के उद्देश्य से हिम अकादमी पब्लिक स्कूल विकास नगर में चार दिवसीय स्कॉलास्टिक बुक फेयर का भव्य शुभारंभ किया गया। विद्यालय परिसर रंग-बिरंगी पुस्तकों, उत्साह और सीखने की ऊर्जा से ज्ञान और उत्साह का केंद्र बन गया। बुक फेयर का शुभारंभ विद्यालय के चेयरपर्सन प्रो. आरसी लखनपाल, वाइस चेयरपर्सन सीपी लखनपाल, प्रधानाचार्या इंजीनियर नैना लखनपाल, हेडमिस्ट्रेस कंचन लखनपाल, अकादमिक समन्वयक मनीषा मरवाहा तथा अन्य शिक्षकों की गरिमामयी उपस्थिति में संपन्न हुआ। इस पुस्तक मेले के सफल आयोजन में शिवानी शामा की भूमिका विशेष रूप से सराहनीय रही।
उनके कुशल समन्वय, सुनियोजित प्रबंधन और रचनात्मक प्रयासों के कारण पुस्तक मेले को आकर्षक स्वरूप मिला। विद्यार्थियों और अभिभावकों के लिए पुस्तक चयन से लेकर पूरे आयोजन की व्यवस्था को उन्होंने प्रभावी ढंग से संचालित किया, जिससे यह आयोजन सभी के लिए यादगार बन गया। इस अवसर पर प्रधानाचार्या इंजीनियर नैना लखनपाल ने कहा कि पढऩे की आदत केवल परीक्षा तक सीमित नहीं होती, बल्कि यह व्यक्तित्व विकास, रचनात्मक सोच, भाषा कौशल और आजीवन सीखने की सबसे सशक्त आधारशिला है।
किताबों के संसार में उमड़े कदम
शिक्षकों ने भी विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करते हुए उन्हें उनकी आयु और रुचि के अनुरूप पुस्तकों का चयन करने में सहायता
प्रदान की।
11 जुलाई तक मचेगी धूम
8 से 11 जुलाई तक आयोजित यह स्कॉलास्टिक बुक फेयर विद्यार्थियों एवं अभिभावकों के लिए ज्ञान, कल्पना और सृजनशीलता का अनूठा उत्सव बन गया है।