युवा बनें ‘ड्रग फ्री हिमाचल’ अभियान की ताकत

नालागढ़ स्कूल में जागरूकता कार्यक्रम में एसपी बद्दी विनोद धीमान की छात्रों से नशे से दूर रहने की अपील

दिव्य हिमाचल ब्यूरो-नालागढ़
नशे के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ड्रग एब्यूज अवेयरनेस कैंपेन-ड्रग फ्री हिमाचल’ के तहत मंगलवार को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, नालागढ़ में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराना और उन्हें नशा मुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करना था। कार्यक्रम में पुलिस जिला बद्दी के पुलिस अधीक्षक विनोद धीमान मुख्यवक्ता के रूप में उपस्थित रहे। एसपी विनोद धीमान ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए कहा कि नशा केवल एक व्यक्ति को ही नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करता है। इससे युवाओं का भविष्य, शिक्षा, स्वास्थ्य और जीवन की दिशा पर प्रतिकूल असर पड़ता है।

उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे स्वयं किसी भी प्रकार के नशे से दूर रहें और अपने मित्रों, परिवार तथा आसपास के लोगों को भी इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करें। उन्होंने कहा कि ‘ड्रग फ्री हिमाचल’ केवल पुलिस विभाग का अभियान नहीं, बल्कि पूरे समाज की साझा जिम्मेदारी है। यदि युवा वर्ग इस मुहिम का नेतृत्व करे और जागरूकता फैलाए तो प्रदेश को नशामुक्त बनाने का लक्ष्य जल्द हासिल किया जा सकता है। एसपी ने विद्यार्थियों से कहा कि यदि उनके आसपास नशा तस्करी, नशीले पदार्थों की बिक्री या कोई अन्य संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे तो उसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पुलिस प्रत्येक सूचना पर पूरी गोपनीयता और संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई करती है तथा सूचना देने वाले की पहचान सुरक्षित रखी जाती है। अपने संबोधन में उन्होंने कानून का पालन करने, अनुशासित जीवन अपनाने का संदेश भी दिया। कार्यक्रम में प्रधानाचार्य, शिक्षक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। इस दौरान विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभाव, इससे संबंधित कानूनी प्रावधानों और बचाव के प्रभावी उपायों की भी विस्तार से जानकारी दी गई।