एनएच-72 पर पेश आया दर्दनाक हादसा, कुल्हाल के पास हरिद्वार से आ रही बाइक ने पीछे से मारी टक्कर
कार्यालय संवाददाता-पांवटा साहिब
देहरादून-पांवटा साहिब राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-72) पर शनिवार सुबह कुल्हाल के समीप हुए दर्दनाक सडक़ हादसे में एक पैदल युवक की मौत हो गई। हरिद्वार से श्रद्धालुओं को लेकर पांवटा साहिब आ रही तेज रफ्तार बाइक ने पीछे से युवक को टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने एनएच टोल प्लाजा की एंबुलेंस की मदद से घायल को सिविल अस्पताल पांवटा साहिब पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश निवासी 38 वर्षीय शिव कुमार के रूप में हुई है।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी कुलवंत सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए कब्जे में लेकर बाइक को जब्त कर लिया है। हादसे में बाइक सवार श्रद्धालुओं को भी मामूली चोटें आई हैं। पुलिस ने उनके बयान दर्ज कर लिए हैं। थाना प्रभारी कुलवंत सिंह ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों के आधार पर दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। मामले में केस दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।