कंडवाल में चिट्टे के साथ पठानकोट का युवक अरेस्ट

कार्यालय संवाददाता- नूरपुर
नूरपुर पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए कंडवाल मुख्य प्रवेश द्वार से 10.18 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद कर पठानकोट निवासी एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली है। एएसपी नूरपुर धर्मचंद वर्मा ने बताया कि सीआईए नूरपुर की टीम नशे के खिलाफ विशेष अभियान के तहत कंडवाल मुख्य प्रवेश द्वार पर नाकाबंदी कर वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान पंजाब से आए एक युवक को संदेह के आधार पर रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 10.18 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद हुई।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान राजा, निवासी सराय मोहल्ला, गली नंबर-47, गांधी चौक, पठानकोट (पंजाब) के रूप में हुई है। पुलिस ने बरामद हेरोइन के साथ तस्करी में इस्तेमाल की जा रही मोटरसाइकिल को भी कब्जे में ले लिया है। एएसपी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ पुलिस थाना नूरपुर में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 एवं 25 के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले की गहन जांच जारी है तथा यह पता लगाया जा रहा है कि आरोपी के तार किन-किन लोगों से जुड़े हैं और वह मादक पदार्थ कहां से लाया था।