युवाओं ने श्रमदान से संवारी एक किलोमीटर सडक़

पीडब्ल्यूडी से कार्रवाई न होने पर कनेच के ग्रामीणों ने खुद उठाया बीड़ा, फसलें मंडियों तक पहुंचाने में हुई आसानी

नगर संवाददाता-राजगढ़
राजगढ़ विकास खंड की ग्राम पंचायत टिक्कर के कनेच गांव के युवाओं ने श्रमदान कर करीब एक किलोमीटर संपर्क सडक़ की मरम्मत कर सामुदायिक एकता और जनसहभागिता की मिसाल पेश की है। लगातार बारिश से मुख्य सडक़ से कनेच गांव को जोडऩे वाला मार्ग बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया था।
सडक़ पर गहरे गड्ढे होने के कारण वाहनों का आवागमन मुश्किल हो गया था और कई वाहनों के चैंबर तक क्षतिग्रस्त हो गए थे। स्थानीय युवा विद्या दत्त धालटा ने बताया कि इन दिनों क्षेत्र में टमाटर, शिमला मिर्च और फ्रेंचबीन सहित नकदी फसलों का सीजन चरम पर है। खराब सडक़ के कारण किसानों को अपनी उपज पीठ पर उठाकर मुख्य सडक़ तक पहुंचानी पड़ रही थी।

ग्रामीणों ने सडक़ की मरम्मत के लिए कई बार लोक निर्माण विभाग से आग्रह किया, लेकिन कार्रवाई न होने पर युवाओं ने स्वयं आगे आने का निर्णय लिया। युवाओं ने अपने घरों से फावड़े, गैंती और अन्य औजार लाकर सामूहिक श्रमदान से सडक़ को दुरुस्त किया। अब कनेच गांव तक वाहनों की आवाजाही सुचारू हो गई है और किसानों को अपनी उपज समय पर मंडियों तक पहुंचाने में राहत मिली है। ग्रामीणों ने युवाओं की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि सामूहिक प्रयासों से बड़ी समस्याओं का समाधान किया जा सकता है।