दिव्य हिमाचल ब्यूरो-नाहन
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर करियर अकादमी सीनियर सेकेंडरी स्कूल में देशभक्ति और उत्साह से भरपूर कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन और मां सरस्वती की वंदना से हुआ। विद्यार्थियों ने सरस्वती वंदना, देशभक्ति गीत, समूह गान और नृत्य प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। विद्यार्थियों ने ‘जहां डाल-डाल पर सोने की चिडय़िा’ और ‘देश रंगीला’ जैसे गीतों पर आकर्षक नृत्य प्रस्तुत कर भारतीय संस्कृति और देश की समृद्ध विरासत की झलक दिखाई। समूह गान के माध्यम से विद्यार्थियों ने राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया। स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में विद्यालय में जूनियर और सीनियर वर्ग में अंतर-सदनीय क्विज प्रतियोगिता भी आयोजित की गई।
विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर ज्ञान और त्वरित सोच का प्रदर्शन किया। सीनियर वर्ग में अटलांटिक हाउस तथा जूनियर वर्ग में पैसिफिक हाउस ने प्रथम स्थान हासिल किया। प्रधानाचार्य राजेश सोलंकी ने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों और क्विज में उत्साह की सराहना की। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, ज्ञान और राष्ट्रप्रेम की भावना मजबूत करते हैं। चेयरमैन एसएस राठी ने विद्यार्थियों को स्वतंत्रता के महत्व को समझने और राष्ट्र निर्माण में सकारात्मक भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। डायरेक्टर मनोज राठी और मधुलिका राठी ने भी विद्यार्थियों के प्रदर्शन की सराहना की।