पांवटा साहिब उपमंडल की बातामंडी बीट में हाथी की दस्तक से ग्रामीणों में दहशत का माहौल, तीन किसानों की दो बीघा फसल की तबाह
कार्यालय संवाददाता-पांवटा साहिब
पांवटा साहिब उपमंडल के बातामंडी बीट क्षेत्र में पिछले दो दिनों से जंगली हाथी के विचरण से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। बीती रात हाथी घुटनपुर गांव में पहुंच गया और तीन किसानों की करीब दो बीघा खड़ी धान की फसल रौंदकर नष्ट कर दी। किसानों के अनुसार फसल कटाई के बिल्कुल करीब थी, जिससे उन्हें भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। वन विभाग के अनुसार 16 अगस्त की शाम करीब आठ बजे कोठेवाली खोल में जंगली हाथी देखे जाने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही विभाग ने ग्रामीणों को सतर्क किया। बाद में हाथी के घुटनपुर गांव और गुर्जर बस्ती के आसपास पहुंचने की जानकारी मिली। इसके बाद वन विभाग ने मुनादी करवाकर लोगों से संयम बरतने और बिना जरूरी काम घरों से बाहर न निकलने की अपील की।
हाथी ने याकूब अली, अनवर और महबूब की करीब दो बीघा धान की फसल को रौंदकर बर्बाद कर दिया। सूचना मिलने पर बातामंडी बीट की वन रक्षक हिमानी टीम के साथ मौके पर पहुंचीं। उन्होंने क्षतिग्रस्त फसल का निरीक्षण कर पंचनामा तैयार किया और फोटोग्राफी की। साथ ही ग्रामीणों के साथ बैठक कर हाथी से बचाव के उपाय बताए। वन विभाग ने क्षेत्र में अतिरिक्त वन कर्मियों की तैनाती कर रातभर गश्त बढ़ा दी है। हाथी की लोकेशन पर नजर रखने के लिए ड्रोन और टॉर्च का इस्तेमाल किया जा रहा है। प्रभावित किसानों ने प्रशासन से जल्द उचित मुआवजे की मांग की है। वन विभाग ने नियमों के अनुसार नुकसान का आकलन कर मुआवजा जारी करने का आश्वासन दिया है। विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि हाथी दिखाई देने पर तुरंत नजदीकी वन कार्यालय या बीट कार्यालय को सूचना दें। रात आठ बजे के बाद बिना जरूरी काम घर से बाहर न निकलें। हाथी को भगाने के लिए पटाखे, ढोल, तेज रोशनी या शोर न करें, क्योंकि इससे हाथी उग्र हो सकता है। हाथी को देखने के लिए भीड़ न लगाएं, बच्चों को अकेले बाहर न भेजें और हाथी से कम से कम 100 मीटर की दूरी बनाए रखें।