नशे के खिलाफ पंचायत प्रतिनिधि संभालें मोर्चा

जवाली, नगरोटा सूरियां। कृषि एवं पशुपालन मंत्री चंद्र कुमार ने मंगलवार को लब में जवाली विधानसभा क्षेत्र की सभी पंचायतों के नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों को शॉल व टोपी भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने प्रतिनिधियों से राजनीति से ऊपर उठकर ईमानदारी, निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ पंचायतों के विकास को गति देने का आह्वान किया।

मंत्री ने पंचायत प्रतिनिधियों से नशे के खिलाफ सक्रिय भूमिका निभाने और प्रशासन व पुलिस का सहयोग करने को कहा। उन्होंने बीडीओ को सभी पंचायतों में उपलब्ध पुराने व शेष धन की रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए, ताकि पहले मौजूदा राशि का सदुपयोग किया जा सके। कार्यक्रम में चंद्र कुमार ने चयनित किसानों को स्प्रे पंप भी वितरित किए। कार्यक्रम में एसडीएम नरेंद्र जरियाल, बीडीओ मनोज शर्मा, ब्लॉक महासचिव सुरिंदर छिन्दा, कांग्रेस नेता मनमोहन सिंह, मतलाहड़ पंचायत प्रधान अश्वनी चौधरी, हरसर पंचायत प्रधान कांता देवी, नरगाला पंचायत प्रधान शिव कुमार सहित विभिन्न पंचायतों के नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों ने भाग लिया।