पुलिस की रडार पर नशा माफिया…दो महीने में 150 तस्कर सलाखों के पीछे

पंजाब और हरियाणा सहित बाकी 15 राज्यों के मुख्य सरगना भी दबोचे, पुलिस ने दो महीने में पकड़ा एक किलोग्राम से भी ज्यादा चिट्टा
कार्यालय संवाददाता-बिलासपुर
जिला बिलासपुर में नशे के कारोबारी पुलिस की रडार पर हैं। इसका अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि जिला पुलिस द्वारा जिला में नशा माफिया पर कड़ा शिकंजा कसा है। जो नशे के कारोबारी जिला में चिट्टा कारोबार को बढ़ावा देने को लेकर यहां पर सक्रिय थे, उनमें से अधिकतर चिट्टा तस्करों के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई की है। यही नहीं पुलिस ने बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिकं के आधार पर बाहरी राज्यों के मुख्य तस्करों को भी दबोचा है। जिससे तस्करों की मनमानी अंकुश भी लगा है। बिलासपुर पुलिस की नशा तस्करों के खिलाफ सर्जिकल स्ट्राइक आम जनता में भी चर्चा बनी हुई है। पुलिस के इस कार्य की सराहना भी हो रही है। जिला बिलासपुर पुलिस के करीब दो माह के आंकड़ों पर यदि गौर की जाए तो बिलासपुर ने एनडीपीएस एक्ट के तहत 67 मामले दर्ज किए हैं। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने करीब डेढ़ सौ से अधिक आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि यह अधिकतर मामले में इंटरमिडिएट एवं कर्मिशियल मात्रा से संबधित हैं।

पुलिस अधिकारियों की मानें तो पुलिस द्वारा करीब दो माह के समय में एक किलोग्राम से अधिक चिट्टा बरामद किया गया। जोकि पिछले छह माह की तुलना में करीब चार गुणा अधिक है। इससे पहले इस साल के शुरूआती छह माह में पुलिस ने 300 ग्राम चिट्टा बरामद किया था। लेकिन पुलिस द्वारा दो माह के दौरान नशा माफिया खासकर चिट्टा माफिया पर शिकंजा कसा। बताया जा रहा है कि बिलासपुर पुलिस नशा माफिया खासकर चिट्टा तस्करी को जिला बिलासपुर से पूरी तरह से खत्म करने का लक्ष्य निर्धारित किया हुआ है। इस लक्ष्य के तहत ही पुलिस प्रशासन द्वारा कार्रवाई की जा रही है। इस लक्ष्य के तहत पुलिस ने अभी तक दो माह में अन्य बाहरी राज्यों के 15 मुख्य सरगना भी गिरफ्तार किए हैं। बता दें कि बिलासपुर पुलिस द्वारा नशा माफिया के खिलाफ शिकंजा कसने को लेकर जगह-जगह नाके लगाए जा रहे हैं। इन नाकों का निरीक्षण समय-समय पर एसपी बिलासपुर अभिषेक धीमान भी कर रहे हैं। पुलिस अधिकारियों, कर्मियों को सख्त हिदायत दी गई है कि नशा माफिया के खिलाफ कार्रवाई अमल में लाई जाए। इसमें किसी तरह की कोई कोताही बर्दाश्त नहीं होगी।

पीआईटी एक्ट के तहत एक दर्जन तस्कर जेल में भेजे
नशा माफिया की मनमानी रोकने के लिए बिलासपुर पुलिस द्वारा पिट एक्ट के तहत भी कार्रवाई की जा रही है। बिलासपुर पुलिस द्वारा अब तक पिट एक्ट के तहत करीब एक दर्जन से अधिक नशा माफिया को सलाखों के पीछे धकेला गया है। इस एक्ट के तहत बार-बार नशा तस्करी में संलिप्त रहने वाले नशा तस्करों को सलाखों के पीछे भेजा जाता है। पुलिस द्वारा अन्य तस्करों को भी पिट एक्ट के तहत कार्रवाई के लिए उच्च अधिकारियों को लिखा है। जल्द ही इसके तहत नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

रेड जोन की पंचायतों में जागरूकता अभियान

जिला पुलिस द्वारा चिट्टे के नशे को लेकर आम जनता को जागरूक करने के उदेश्य से जागरूकता शिविर का आयोजन भी किया जा रहा है। जिला बिलासपुर में चिट्टे की तस्करी के लिए 26 पंचायतें रेड जोन में हैं। इन पंचायतों में जहां लोगों को जागरूक किया जा रहा है। वहीं, इन पंचायतों में चिट्टा तस्करी पर अंकुश लगाया जा रहा है।