तेज रफ्तार टिप्पर ने छीनी 25 वर्षीय ऋतिक की जिंदगी; दोस्त गंभीर घायल, ग्रामीणों ने उठाई कार्रवाई की मांग
कार्यालय संवाददाता-पांवटा साहिब
पांवटा साहिब में तेज रफ्तार टिप्परों का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। भगवान परशुराम (बांगरण बाइपास) चौक पर शनिवार रात करीब एक बजे टिप्पर की टक्कर से बाइक सवार 25 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान ऋतिक पुंडीर पुत्र कबूल पुंडीर निवासी दुगाना (कफोटा) के रूप में हुई है। हादसे में उसका दोस्त निर्भय गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसका देहरादून में उपचार चल रहा है। जानकारी के अनुसार ऋतिक अपने दोस्त के साथ बाइक पर जा रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार टिप्पर ने बाइक को टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि ऋतिक की मौके पर ही मौत हो गई। सिविल अस्पताल के चिकित्सक डा. पीयूष तिवारी ने बताया कि युवक को अस्पताल पहुंचने से पहले ही मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। रविवार को दुगाना के स्वर्गधाम में अंतिम संस्कार किया गया। घटना के बाद कफोटा क्षेत्र में शोक की लहर है। पूर्व विधायक बलदेव तोमर समेत बड़ी संख्या में लोगों ने परिजनों से मिलकर संवेदना जताई। ग्रामीणों ने रात के समय तेज रफ्तार टिप्परों पर अंकुश लगाने की मांग की है। उनका कहना है कि बद्रीपुर और बाइपास चौक पर पहले भी टिप्परों के कारण हादसे हो चुके हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन किया जाएगा। पुलिस अधीक्षक सिरमौर निश्चिंत सिंह नेगी ने बताया कि टिप्पर कब्जे में लेकर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।