बूथ स्तर पर मजबूत होगा शिक्षक प्रकोष्ठ

नालागढ़ में बैठक के दौरान उठाया एरियर का मुद्दा, पूर्व विधायक केएल ठाकुर ने एकजुटता पर दिया जोर

दिव्य हिमाचल ब्यूरो- नालागढ़
हिमाचल प्रदेश जिला सोलन शिक्षक प्रकोष्ठ की परिचय, प्रशिक्षण एवं संगठनात्मक बैठक रविवार को नालागढ़ में आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता जिला शिक्षक प्रकोष्ठ के संयोजक पवन चंदेल ने की। बैठक में हिमाचल प्रदेश के विभिन्न प्रकोष्ठों के प्रभारी पुरुषोत्तम गुलेरिया, शिक्षक प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक पुरुषोत्तम शर्मा तथा प्रदेश सहकारिता प्रकोष्ठ के संयोजक नरेश चौहान विशेष रूप से मौजूद रहे। पूर्व विधायक केएल ठाकुर ने मुख्यातिथि के रूप में शिरकत की। बैठक के दौरान जिला सोलन के विभिन्न मंडलों से पहुंचे शिक्षक प्रकोष्ठ के संयोजकों एवं सह.संयोजकों ने संगठनात्मक गतिविधियों को लेकर विचार-विमर्श किया।

प्रकोष्ठ को बूथ स्तर तक मजबूत करने, अधिक से अधिक शिक्षकों एवं कर्मचारियों को संगठन से जोडऩे तथा संगठन की नीतियों और गतिविधियों को जन.जन तक पहुंचाने पर जोर दिया गया। बैठक में सेवानिवृत्त कर्मचारियों से जुड़े मुद्दे भी प्रमुखता से उठे। सेवानिवृत्त कर्मचारियों ने प्रदेश सरकार पर डीए एरियर तथा वेतन एरियर की राशि जारी न करने का आरोप लगाया। उन्होंने मांग रखी कि भविष्य में भाजपा की सरकार बनने पर कर्मचारियों और सेवानिवृत्त कर्मियों के लंबित एरियर का भुगतान प्राथमिकता के आधार पर किया जाए। वक्ताओं ने कहा कि लंबे समय से एरियर का भुगतान नहीं होने के कारण सेवानिवृत्त कर्मचारियों को आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। मुख्यातिथि पूर्व विधायक केएल ठाकुर ने संगठन को मजबूत करने के लिए सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि किसी भी संगठन की मजबूती उसके कार्यकर्ताओं की सक्रिता पर निर्भर करती है। उन्होंने मंडल स्तर पर संगठनात्मक गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाने तथा संगठन को जमीनी स्तर तक मजबूत करने पर जोर दिया। कार्यक्रमों को लेकर भी रूपरेखा तैयार की गई तथा मंडल और बूथ स्तर पर गतिविधियों को तेज करने पर सहमति बनी। बैठक में पंजेहरा मंडल अध्यक्ष जोगिंद्र पाल जिंदू, महेंद्र सिंह ठाकुर, रविंद्र ठाकुर, नसीब सिंह सैनी, कृष्ण संगर, लाल चंद, पूनम ठाकुर, संजीव चौधरी सहित प्रकोष्ठ संयोजक, सह संयोजक एवं अन्य मौजूद रहे।