श्यारडा पुल के पास पहाड़ी से गिरे मलबे और बड़े पत्थरों से यातायात प्रभावित; चार बजे बहाल हुई सडक़
स्टाफ रिपोर्टर-अर्की
अर्की-शालाघाट मार्ग पर श्यारडा पुल के समीप मंगलवार को पहाड़ी से भारी मात्रा में मलबा और बड़े पत्थर गिरने से सडक़ अवरुद्ध हो गई। अचानक हुए भूस्खलन के कारण सडक़ पर मिट्टी, चट्टानें और पत्थर जमा हो गए, जिससे वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई। मलबे की चपेट में सडक़ किनारे लगाए गए क्रैश बैरियर भी क्षतिग्रस्त हो गए। मौके पर अभी भी छोटे-बड़े पत्थर गिरने की आशंका बनी हुई है, जिससे हादसे का खतरा है। सूचना मिलने पर लोक निर्माण विभाग के कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर मशीनरी की सहायता से मलबा हटाने का काम शुरू किया।
शाम करीब चार बजे मार्ग को सभी वाहनों की आवाजाही के लिए बहाल कर दिया गया। स्थानीय लोगों ने बताया कि बरसात के दौरान श्यारडा पुल के समीप पहाड़ी से मलबा और पत्थर गिरने की घटनाएं होती रहती हैं। उन्होंने लोक निर्माण विभाग से संवेदनशील स्थान का निरीक्षण करवाकर स्थायी सुरक्षा उपाय करने तथा क्षतिग्रस्त क्रैश बैरियर को जल्द दुरुस्त करने की मांग की है।