मजदूर संघ के बैनर तले दिया धरना, डीसी के माध्यम से पीएम और श्रम मंत्री को भेजा ज्ञापन
कार्यालय संवाददाता-हमीरपुर
भारतीय मजदूर संघ की राष्ट्रीय कॉल के तहत हमीरपुर में विभिन्न बैंकों के कर्मचारियों ने अपनी मांगों को लेकर धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद कर्मचारियों ने उपायुक्त हमीरपुर के माध्यम से केंद्रीय श्रम मंत्री, वित्त मंत्री और प्रधानमंत्री के नाम 12 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपा।
भारतीय मजदूर संघ हमीरपुर जिलाध्यक्ष तिलक राज शर्मा ने बताया कि कर्मचारियों की प्रमुख मांगों में पुरानी पेंशन योजना लागू करना, बैंकों में पांच दिवसीय कार्य सप्ताह लागू करना सहित अन्य मांगें शामिल हैं। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की कुछ मांगों को केंद्र सरकार की ओर से स्वीकार किया जा चुका है, लेकिन अभी भी कई महत्वपूर्ण मांगों पर कार्रवाई होना बाकी है। उन्होंने केंद्र सरकार से आग्रह किया है कि कर्मचारियों और मजदूरों की लंबित मांगों को जल्द पूरा किया जाए। भारतीय मजदूर संघ ने कहा कि कर्मचारियों के हितों से जुड़े मुद्दों को लेकर संगठन आगे भी अपनी आवाज बुलंद करता रहेगा।