नाहन में लोक जनशक्ति पार्टी ने 2027 के चुनावों को भरी हुंकार, प्रदेश में तीसरा तगड़ा विकल्प देगी पार्टी
दिव्य हिमाचल ब्यूरो, नाहन
हिमाचल की सियासत में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले लोक जनशक्ति पार्टी ने तीसरे विकल्प के रूप में मैदान में उतरने का ऐलान किया है। लोजपा के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष नितिन चौहान ने नाहन में पत्रकार वार्ता में कहा कि पार्टी प्रदेश की सभी 68 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी। इसके लिए 12 जिलों में संगठन को मजबूत किय ा जाएगा और सभी विधानसभा क्षेत्रों में कार्यकर्ताओं को सक्रिय किया जाएगा। नितिन चौहान ने कहा कि लोजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान जल्द हिमाचल का दौरा करेंगे। उन्होंने कहा कि युवाओं, किसानों, बागवानों, महिलाओं, कर्मचारियों, व्यापारियों और समाज के सभी वर्गों की आवाज पार्टी मजबूती से उठाएगी।
उनका लक्ष्य लोजपा को प्रदेश में मजबूत और विश्वसनीय राजनीतिक विकल्प के रूप में स्थापित करना है। उन्होंने कहा कि उनके पिता स्वर्गीय सदानंद चौहान वर्ष 2003 में नाहन विधानसभा क्षेत्र से लोजपा के विधायक रहे थे। उस समय प्रदेश में सक्रिय पार्टी संगठन को अब दोबारा मजबूत किया जाएगा। युवाओं के रोजगार और स्वरोजगार पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि स्थानीय अर्थव्यवस्था और प्राकृतिक संसाधनों को रोजगार से जोडऩे की जरूरत है। नितिन चौहान ने कहा कि लोजपा किसी दल के खिलाफ मोर्चा खोलने नहीं, बल्कि अपनी विचारधारा और नीतियों के आधार पर राजनीतिक पहचान बनाने मैदान में उतरेगी। हिमाचल के औद्योगिक क्षेत्रों में ऐसी नीतियां बनाने की जरूरत है, जिससे उद्योगों का विस्तार हो और युवाओं को रोजगार मिले। उन्होंने कहा कि कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में पार्टी का छात्र संगठन भी तैयार किया जाएगा।
काला अंब से नाहन तक शक्ति प्रदर्शन
प्रदेश अध्यक्ष नितिन चौहान का हिमाचल की सीमा काला अंब में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। इसके बाद मोटरसाइकिल और कारों के काफिले के साथ कार्यकर्ता नाहन पहुंचे। इस दौरान बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।