13 दिन की भूख हड़ताल खत्म, फीस कटौती पर जश्न में पहुंची पुलिस

नगर संवाददाता – ऊना
फीस बढ़ोतरी के विरोध में एबीवीपी कार्यकर्ताओं की चल रही क्रमिक भूख हड़ताल 13वें दिन बुधवार को समाप्त हो गई। ऊना कालेज प्रशासन की ओर से फीस में 20 प्रतिशत की कटौती करने का निर्णय लिए जाने के बाद एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने इसे अपनी जीत बताते हुए कालेज परिसर में जश्न मनाया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी की, जिस पर कॉलेज प्रबंधन ने ऐतराज जताया और पुलिस को मौके पर बुला लिया। इससे कुछ समय के लिए कालेज परिसर का माहौल गरमा गया। फीस बढ़ोतरी के विरोध में एबीवीपी कार्यकर्ता पिछले 13 दिनों से क्रमिक भूख हड़ताल पर बैठे थे।

संगठन की ओर से फीस कम करने की मांग लगातार उठाई जा रही थी। बुधवार को कालेज प्रशासन द्वारा फीस में 20 प्रतिशत कमी करने के निर्णय की जानकारी मिलने के बाद कार्यकर्ताओं ने खुशी जताई और आंदोलन समाप्त करने की घोषणा की। जीत की खुशी में एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने कालेज परिसर में नारेबाजी और आतिशबाजी की। आतिशबाजी को लेकर कालेज प्रशासन ने आपत्ति जताई और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। कॉलेज प्रबंधन की ओर से आतिशबाजी को लेकर शिकायत किए जाने पर एबीवीपी ने भी अपनी नाराजगी जाहिर की।

शिकायत वापस लेने की मांग

एबीवीपी इकाई प्रमुख सूरज शर्मा ने कहा कि फीस में 20 प्रतिशत की कमी संगठन और विद्यार्थियों की जीत है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की मांग को लेकर संगठन ने लगातार आंदोलन किया और आखिरकार कालेज प्रशासन को फीस कम करने का निर्णय लेना पड़ा। उन्होंने कालेज प्रशासन द्वारा पुलिस के पास दी शिकायत वापस लेने की मांग की। सूरज शर्मा ने चेतावनी दी कि यदि शिकायत वापस नहीं ली गई तो एबीवीपी कार्यकर्ता दोबारा प्रदर्शन करने से पीछे नहीं हटेंगे।