चिंतपूर्णी में छठे दिन 40 हजार श्रद्धालुओं ने नवाया शीश

स्टाफ रिपोर्टर-चिंतपूर्णी
विश्वविख्यात शक्तिपीठ माता चिंतपूर्णी के दरबार में चल रहे श्रावण अष्टमी मेले के छठे दिन मंगलवार को आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। करीब 40 हजार श्रद्धालुओं ने माता रानी के दरबार में शीश नवाया। श्रद्धालुओं की डबल लाइन लुधियाना धर्मशाला तक पहुंच गई। मेले के छह दिनों में अब तक 2.50 लाख से अधिक श्रद्धालु माता के दरबार में हाजिरी लगा चुके हैं। प्रशासन के अनुसार वीरवार को मुख्य श्रावण अष्टमी के चलते आगामी दो दिनों में एक लाख से अधिक श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।

भीड़ को नियंत्रित करने के लिए तलवाड़ा बाईपास से लेकर माफी तक तथा गेट नंबर-1 से ओल्ड बस स्टैंड तक पुलिस बल तैनात किया गया है। मेले में व्यवस्था बनाए रखने के लिए मंदिर से जुड़े दुकानों के अंदरूनी और अनधिकृत रास्तों को भी सील किया जा रहा है। पुजारी बारीदार सभा के प्रधान रविंद्र छिन्दा ने बताया कि श्रावण अष्टमी की सातवीं रात्रि को विशेष रात्रि के रूप में मनाया जाता है, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। मंदिर अधिकारी संजीव प्रभाकर ने बताया कि छह दिनों में श्रद्धालुओं ने 91,47,068 रुपए का चढ़ावा चढ़ाया है। इसमें 1331 विदेशी मुद्रा भी शामिल है, जिसमें 271 अमेरिकी डॉलर, 20 यूरो, 290 कनाडियन डॉलर, 25 ऑस्ट्रेलियन डॉलर, 50 इंग्लैंड पाउंड, 600 ओमान मुद्रा तथा 25 यूएई व न्यूजीलैंड मुद्रा शामिल हैं। उन्होंने कहा कि मंदिर प्रशासन श्रद्धालुओं को हरसंभव सुविधा देने के लिए प्रयासरत है।