वन विभाग की टीम ने खेत से रेस्क्यू किया पाइथन

दौलतपुर चौक। क्षेत्र के गांव दियोली में सिलेंडर फैक्टरी के समीप मंगलवार सुबह उस समय हडक़ंप मच गया, जब खेत में जुताई कर रहे किसान अशोक कुमार मसंद को अचानक एक विशाल पाइथन दिखाई दिया। पाइथन को देखकर किसान कुछ देर के लिए सहम गया। देखने में ऐसा प्रतीत हो रहा था कि पाइथन ने उसी समय किसी बड़े जीव को निगला हो, क्योंकि उसका पेट फूला हुआ था और ज्यादा हरकत नहीं कर रहा था। अशोक कुमार ने तुरंत इसकी सूचना वार्ड पंच सन्नी ठाकुर को दी। वार्ड पंच ने बिना देरी किए वन विभाग को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही वन विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वन मित्र सविता कुमारी को मौके पर पहुंचने के निर्देश दिए।

इसके बाद वन विभाग के कर्मचारी बीओ संजीव कुमार की अगवाई में घटनास्थल पर पहुंचे और काफी सावधानी से पाइथन को सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया। उधर, पाइथन के खेत में मिलने की खबर आसपास के क्षेत्र में तेजी से फैल गई और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। वन विभाग की तत्परता से पाइथन को सुरक्षित पकड़ लिए जाने के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। उधर, बीओ संजीव कुमार ने बताया कि पाइथन या अन्य वन्यजीव दिखाई देने पर उससे दूरी बनाए रखें और उसे छेडऩे या पकडऩे का प्रयास न करें। तुरंत वन विभाग को सूचना दें, ताकि प्रशिक्षित टीम सुरक्षित तरीके से रेस्क्यू कर सके।