गुरुकुल स्कूल में ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ की झलक

ओणम और रक्षाबंधन के उपलक्ष्य पर सांस्कृति प्रस्तुतियों ने मनमोहा, राष्ट्रीय एकता का दिया संदेश

स्टाफ रिपोर्टर-सोलन
गुरुकुल इंटरनेशनल सीनियर सेकेंडरी स्कूल, सोलन में ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ की भावना को साकार करते हुए एक विशेष एवं भव्य प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर देश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, विविधता में एकता और विभिन्न राज्यों की लोक परंपराओं को प्रदर्शित करते हुए ओणम एवं रक्षाबंधन के पर्व को अत्यंत हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ मनाया गया। विशेष प्रार्थना सभा में विद्यार्थियों ने भारतीय संस्कृति की विविध एवं मनमोहक झलक प्रस्तुत की। कक्षा छठी से नौवीं तक के विद्यार्थियों ने इस विशेष अवसर पर मनमोहक नृत्य, मधुर गीत, प्रभावशाली भाषण एवं आकर्षक रूप-सज्जा के माध्यम से प्रस्तुतियां देकर समारोह में चार चांद लगा दिए।

विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों में विभिन्न राज्यों की वेशभूषा, संस्कृति, परंपराओं एवं पर्वों की सुंदर झलक देखने को मिली। विद्यार्थियों ने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से प्रेम, भाईचारे, सौहार्द, परस्पर सम्मान तथा राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया। ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ की मूल भावना के अनुरूप यह आयोजन विभिन्न संस्कृतियों को समझने, उनका सम्मान करने और उन्हें एक सूत्र में पिरोने का सुंदर प्रयास रहा। विद्यालय की प्रधानाचार्या सागरिका बख्शी ने विद्यार्थियों की शानदार एवं सराहनीय प्रस्तुतियों की भूरि-भूरि प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि भारत अनेक भाषाओं, वेशभूषाओं, परंपराओं और संस्कृतियों का देश है, फिर भी इसकी आत्मा एक है। उन्होंने विद्यार्थियों को भारतीय पर्वों एवं परंपराओं के महत्व को समझने तथा अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को सदैव संजोकर रखने के लिए प्रेरित किया।