रोहड़ू में जल्द शुरू होगा आधुनिक सीए स्टोर

बागबानों को एक जगह मिलेगी सेब बिक्री की सुविधा, सॉर्टिंग-ग्रेडिंग के बाद बड़े कॉरपोरेट खरीददार को बेच सकेंगे फसल

स्टाफ रिपोर्टर-शिमला
सेब सीजन के बीच रोहड़ू और आसपास के बागवानों के लिए राहत की खबर है। हिमाचल सरकार के एचपीएमसी के रोहड़ू स्थित सीए स्टोर का संचालन 27 अगस्त से एएनजीडी फ्रूट रैंच प्राइवेट लिमिटेड (नॉर्थ-वैली) लंबे समय के लिए शुरू करने जा रही है। स्टोर में बागवानों को सेब के भंडारण के साथ-साथ उसकी सॉर्टिंग, ग्रेडिंग और बिक्री की सुविधा एक ही स्थान पर उपलब्ध होगी। कंपनी का उद्देश्य क्षेत्र के बागबानों को उनकी फसल की बेहतर गुणवत्ता के आधार पर उचित बाजार उपलब्ध करवाना है। रोहड़ू, जुब्बल, चिडग़ांव और आसपास के प्रमुख सेब उत्पादक क्षेत्रों के बागबान अपनी फसल को रोहड़ू सीए स्टोर तक पहुंचा सकेंगे। यहां आधुनिक सॉर्टिंग और ग्रेडिंग लाइन के माध्यम से सेब को गुणवत्ता के आधार पर अलग-अलग श्रेणियों में तैयार किया जाएगा। इसके बाद बागवानों को एक बड़े कॉरपोरेट खरीदार के माध्यम से अपनी फसल बेचने की सुविधा मिलेगी। इससे बागबानों को फसल की बिक्री के लिए अलग-अलग जगहों पर भटकने और बाजार तलाशने की परेशानी कम होगी।

खास बात यह है कि फसल की बिक्री के बाद निर्धारित नियमों और गुणवत्ता के आधार पर भुगतान की प्रक्रिया की जाएगी और राशि सीधे बागवान के बैंक खाते में भेजी जाएगी। इससे भुगतान में होने वाली देरी कम करने में मदद मिलेगी और बागबानों को अपनी फसल की बिक्री के बाद भुगतान के लिए लंबे समय तक इंतजार नहीं करना पड़ेगा। एएनजीडी फ्रूट रैंच पहले से ही सेब और कोल्ड स्टोरेज के क्षेत्र में काम कर रही है। कंपनी के पास कुमारसैन में करीब 7700 मीट्रिक टन क्षमता का सीए कोल्ड स्टोर भी है। ऐसे में रोहड़ू में सीए स्टोर के संचालन से स्थानीय बागवानों को आधुनिक भंडारण और विपणन व्यवस्था का लाभ मिलने की उम्मीद है। कंपनी की ओर से बागवानों और सेब आढ़तियों से अपील की गई है कि वे 27 अगस्त से रोहड़ू सीए स्टोर से जुडक़र अपनी फसल की सॉर्टिंग, ग्रेडिंग, बिक्री और सीए स्टोरेज की सुविधा का लाभ उठाएं। इस व्यवस्था का मकसद बागबानों को फसल के बाद बेहतर प्रबंधन, बाजार तक पहुंच और समय पर भुगतान की सुविधा उपलब्ध करवाना है।