सफाई को लेकर नगर निगम सख्त,कूड़ा फेंकने पर होगा चालान, मेयर सुषमा शर्मा ने किया निरीक्षण
निजी संवाददाता, सोलन
नगर निगम सोलन की मेयर सुषमा शर्मा ने वार्ड नंबर-8 और वार्ड नंबर-5 का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने दोनों वार्डों में सफाई व्यवस्था सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया और स्थानीय लोगों से बातचीत कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली। वार्ड नंबर-8 के पार्षद सुरेंद्र शर्मा और वार्ड नंबर-5 की पार्षद प्रियंका पंजा भी इस दौरान मौजूद रहीं। नगर निगम के अधिकारी भी निरीक्षण में शामिल रहे। मेयर सुषमा शर्मा ने अधिकारियों और पार्षदों के साथ विभिन्न क्षेत्रों का दौरा कर मौके पर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि शहर में सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाए रखना नगर निगम की प्राथमिकता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे सडक़ों, गलियों और सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा न फेंकें। सडक़ पर कूड़ा फेंकने वालों के खिलाफ नगर निगम की ओर से चालान की कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के दौरान स्थानीय लोगों ने अपने क्षेत्रों में आ रही विभिन्न समस्याओं को मेयर के समक्ष रखा।
लोगों ने सफाई व्यवस्था, नालियों, सडक़ों और अन्य सुविधाओं से संबंधित समस्याओं की जानकारी दी। मेयर ने लोगों की समस्याओं को सुना और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। मेयर ने कहा कि शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने के लिए नगर निगम के साथ-साथ लोगों का सहयोग भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी फैलाने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। नगर निगम की ओर से नियमों के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। मेयर ने वार्ड पार्षदों और अधिकारियों से भी अपने-अपने क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था पर विशेष नजर रखने को कहा। नगर निगम के इस निरीक्षण का उद्देश्य वार्डों में लोगों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाने के साथ-साथ सफाई व्यवस्था को मजबूत करना है।
कुत्तों की समस्या
वार्ड नंबर-5 और 8 के निरीक्षण के दौरान स्थानीय लोगों ने मेयर सुषमा शर्मा के समक्ष विभिन्न समस्याएं रखीं। लोगों ने बताया कि दोनों वार्डों में घोड़ों की समस्या काफी अधिक है, जिसके कारण जगह-जगह गंदगी फैल रही है। इसके अलावा आवारा कुत्तों की समस्या भी बनी हुई है।