सडक़ से लेकर स्वास्थ्य तक हर क्षेत्र में हुए ऐतिहासिक काम
कार्यालय संवाददाता- पांवटा साहिब
पांवटा साहिब के आंजभोज भाजपा मंडल द्वारा प्रेस वार्ता आयोजित कर विधायक सुखराम चौधरी के कार्यकाल में हुए विकास कार्यों का ब्योरा दिया गया। मंडल अध्यक्ष रमेश तोमर एवं राहुल चौधरी ने कहा कि पूर्व विधायक के नेतृत्त्व में क्षेत्र में शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, सडक़, बिजली, खेल, स्वास्थ्य एवं पंचायती राज सहित सभी क्षेत्रों में अभूतपूर्व विकास हुआ है। रमेश तोमर ने बताया कि ग्राम पंचायत अंबोया में आईटीआई संस्थान तथा भरली में राजकीय महाविद्यालय हेतु लगभग सात करोड़ स्वीकृत किए गए। भंगानी, मानपुर देवड़ा, खोड़ोवाला व खोदरी माजरी उच्च विद्यालयों को जमा दो का दर्जा मिला। प्रशासन को जनता के करीब लाने के लिए पुरुवाला में जल शक्ति विभाग व एचपीएसईबी सब-डिवीजन, पुलिस थाना, पीडब्ल्यूडी सब-स्टेशन तथा खोड़ोवाला में बीईईओ कार्यालय खोला गया। राजपुर में उप-तहसील की स्थापना से हजारों लोगों को राहत मिली। रमेश तोमर ने कहा कि क्षेत्र की सबसे बड़ी समस्या पेयजल के समाधान के लिए गिरि नदी से 27 करोड़ की उठाऊ पेयजल योजना स्वीकृत हुई।
रूदाना में नई पेयजल पाइप लाइन व बोरवेल लगाए गए। किसानों के हित में आंजभोज कूहल की मरम्मत हेतु 50 लाख से अधिक राशि स्वीकृत की गई। क्षेत्र को बेहतर सडक़ों से जोड़ा गया। राजपुर-कुल्थीना सडक़ हेतु 10 करोड़ से अधिक, बांगरण पुल की मरम्मत पर 1.25 करोड़ खर्च हुए। इसके अलावा अंबोया खड्ड, खोड़ोवाला, मेहरूवाला व मानपुर देवड़ा में नए पुल बनाए गए। नघेता में 33 केवी सब-स्टेशन की स्थापना से बिजली व्यवस्था सुधरी। दोनों नेताओं ने बताया कि स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए कई उप-स्वास्थ्य केंद्रों का स्तरोन्नयन किया गया और एंबुलेंस सेवा को सुदृढ़ किया गया। प्रेस वार्ता के अंत में मंडल अध्यक्ष रमेश तोमर ने कहा कि पूर्व विधायक द्वारा जनता की सुविधा के लिए खोले गए कई संस्थान व कार्यालय वर्तमान सरकार द्वारा बंद कर दिए गए हैं। यह जनता के साथ धोखा है। भाजपा इसकी कड़ी निंदा करती है और मांग करती है कि सभी बंद संस्थानों को तुरंत पुन: शुरू किया जाए। प्रेस वार्ता में मंडल के पदाधिकारी सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।