क्षमता वाले सीए कोल्ड स्टोर में छंटाई-ग्रेडिंग की सुविधा, अच्छी गुणवत्ता के सेब पर मिलेगा अतिरिक्त प्रोत्साहन
स्टाफ रिपोर्टर-कुमारसैन
कुमारसैन और आसपास के सेब उत्पादकों के लिए अच्छी खबर है। एएनजीडी फ्रूट रैंच प्राइवेट लिमिटेड की नॉर्थ वैली सुविधा में आज यानी बुधवार की शाम से सेब की खरीद शुरू होगी। लुहरी रोड स्थित 7700 मीट्रिक टन क्षमता वाले सीए कोल्ड स्टोर में बागवान अपनी फसल लेकर सीधे पहुंच सकेंगे। यहां सेब की छंटाई और ग्रेडिंग के बाद कंपनी को बिक्री की सुविधा मिलेगी। बागवानों को सेब की बिक्री के बाद भुगतान बैंक के माध्यम से सीधे खाते में किया जाएगा। इससे नकद भुगतान और बिचौलियों से जुड़ी परेशानियों से राहत मिलने की उम्मीद है। कंपनी की ओर से कम से कम प्रतीक्षा समय में छंटाई, ग्रेडिंग, बिक्री और भुगतान की प्रक्रिया पूरी करने का प्रयास किया जाएगा।
अच्छी गुणवत्ता के सेब लाने वाले बागवानों को अतिरिक्त प्रोत्साहन देने की भी व्यवस्था की गई है। नॉर्थ वैली की यह सुविधा कुमारसैन के साथ कोटगढ़, फागू, नारकंडा, थानाधार, कोटखाई, बागी, ठियोग, रामपुर, ननखड़ी, निरमंड, लुहरी, आनी और किन्नौर के सेब उत्पादकों के लिए भी उपलब्ध रहेगी। रामपुर-लुहरी-कुमारसैन मार्ग से आने वाले बागवानों के लिए यह सुविधा उपयोगी विकल्प हो सकती है। दूरदराज से आने वाले बागवानों के लिए रुकने और भोजन की सुविधा भी रखी गई है। कंपनी का कहना है कि आधुनिक छंटाई और ग्रेडिंग व्यवस्था के जरिए अनावश्यक अस्वीकृति को कम करने और अच्छी गुणवत्ता की फसल का उचित मूल्य देने पर जोर रहेगा। एएनजीडी फ्रूट रैंच प्राइवेट लिमिटेड करीब पांच वर्षों से सेब कारोबार में सक्रिय है। कंपनी ने हिमाचल में 100 करोड़ रुपए से अधिक का निवेश किया है। कुमारसैन के सीए कोल्ड स्टोर के अलावा कंपनी रोहड़ू स्थित एचपीएमसी के सीए कोल्ड स्टोर का संचालन भी कर रही है। कंपनी ने क्षेत्र के बागबानों से 26 अगस्त की शाम से अपनी फसल लेकर लुहरी रोड स्थित नॉर्थ वैली सीए कोल्ड स्टोर पहुंचने की अपील की है।