अविनाश सैनी बने युवा अध्यक्ष

पांवटा साहिब में ऑल इंडिया सैनी सेवा समाज का युवा सम्मेलन

कार्यालय संवाददाता-पांवटा साहिब
ऑल इंडिया सैनी सेवा समाज पांवटा साहिब इकाई के तत्त्वावधान में सोमवार को भव्य सैनी युवा सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन की अध्यक्षता समाज के वरिष्ठ पदाधिकारी गुरदीप सिंह गैरी सैनी ने की। सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य युवाओं को समाज की मुख्य धारा से जोडऩा, संगठन को सुदृढ़ करना और नई युवा कार्यकारिणी का गठन करना था। कार्यक्रम में पांवटा साहिब क्षेत्र के विभिन्न गांवों और वार्डों से सैकड़ों युवा और वरिष्ठ समाज बंधुओं ने भाग लिया। सम्मेलन के दौरान सर्वसम्मति से युवा प्रकोष्ठ का विस्तार करते हुए नई कार्यकारिणी का चयन किया गया। इसमें अविनाश सिंह सैनी को युवा अध्यक्ष के रूप में बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई।

वहीं गुरमीत सिंह सैनी को महासचिव पद का दायित्त्व दिया गया। उपाध्यक्ष पद के लिए संदीप सैनी (नवादा), मलकीत सिंह सैनी (जामनीवाला), रणवीर सिंह सैनी (सूरजपुर), मनजीत सिंह सैनी (देवीनगर) और अशोक सैनी (गोंगूघाट) को चुना गया। संयुक्त सचिव के रूप में गगनदीप सिंह सैनी (मोगीनंद), दलजीत सिंह सैनी (आमवाला), हिमांशु सैनी (नवादा) और राजकुमार सैनी (शिवपुर) को मनोनीत किया गया। इसके साथ ही मनीष सैनी (नवादा) को मीडिया समन्वयक और अमरीक सिंह सैनी (भुंगरनी) को संगठन का प्रवक्ता नियुक्त किया गया। मुख्य कार्यकारिणी में भी विस्तार करते हुए सरदार अमरजीत सिंह सैनी (बद्रीपुर) को शहरी प्रकोष्ठ का उपाध्यक्ष बनाया गया है। कार्यक्रम में नगर के प्रसिद्ध व्यवसायी एवं बालाजी बैटरीज के संचालक रामलाल कच्छावा मुख्यातिथि के रूप में उपस्थित रहे।