बिलासपुर पुलिस खेप तक सीमित नहीं, अब सरगनों की जड़ों तक हाथ

बैकवर्ड लिंक इन्वेस्टिगेशन से खुल रहे नशे के कारोबार के राज

दिव्य हिमाचल ब्यूरो- बिलासपुर
नशे के कारोबार की जड़ तक पहुंचकर सप्लाई नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए बिलासपुर पुलिस ने अपनी जांच का दायरा और बढ़ा दिया है। पुलिस अब केवल नशे की खेप के साथ पकड़े जाने वाले आरोपियों तक सीमित नहीं रह रही, बल्कि बैकवर्ड लिंक इन्वेस्टिगेशन के जरिए नशे की सप्लाई के स्रोत तक पहुंचकर मुख्य सप्लायरों पर शिकंजा कस रही है। इसी रणनीति के तहत पुलिस ने पांच अलग-अलग मामलों में नशे के पांच मुख्य सप्लायरों को गिरफ्तार किया है। इनमें नशे के काले कारोबार से जुड़ी एक महिला भी शामिल है। बीते करीब डेढ़ माह के दौरान बैकवर्ड लिंक की जांच के आधार पर दूसरे राज्यों से जुड़े नौ बड़े नशा सप्लायरों को गिरफ्तार किया जा चुका है।

पुलिस ने इन मामलों में वित्तीय लेनदेन, कॉल डिटेल, व्हाट्सऐप रिकॉर्ड, डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के साथ-साथ मनी ट्रेल का विश्लेषण कर सप्लाई चेन की कडिय़ों को जोड़ा। सोमवार को पत्रकारों से बातचीत में पुलिस अधीक्षक अभिषेक धीमान ने बताया कि दो अगस्त को फोरलेन पर पंजाब के बटाला निवासी रुबल को 121.44 ग्राम चिट्टे के साथ गिरफ्तार किया गया था। आरोपी से पूछताछ के अलावा पुलिस ने उसके वित्तीय लेनदेन, फॉरवर्ड लिंक और व्हाट्सऐप रिकॉर्ड की गहनता से जांच की। जांच के आधार पर छह अगस्त को कांगड़ा निवासी लोकल पैडलर राकेश उर्फ सानू को मनाली से गिरफ्तार किया गया। इसके बाद पुलिस ने मामले की बैकवर्ड लिंक इन्वेस्टिगेशन शुरू की। जांच आगे बढऩे पर नशे की सप्लाई के मुख्य स्रोत तक पहुंचते हुए पुलिस ने बटाला निवासी आशीष जोसेफ को भी गिरफ्तार कर लिया। 28 जुलाई को बिलासपुर के बैहल कंडेला निवासी अजय ठाकुर से चिट्टा बरामद किया गया था। पुलिस ने पारंपरिक जांच की।

सप्लाई चेन की हर कड़ी को तोडऩे पर जोर

एसपी ने कहा कि पुलिस का लक्ष्य केवल नशे की खेप बरामद करना नहीं, बल्कि सप्लाई चेन की हर कड़ी तक पहुंचना और नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त करना है। इसके लिए स्थानीय पैडलरों से पूछताछ के बाद नशे के मुख्य सप्लायरों तक पहुंचने की रणनीति अपनाई जा रही है। पुलिस की लगातार कार्रवाई से नशे के कारोबार से जुड़े लोगों में हडक़ंप की स्थिति है। आने वाले दिनों में बैकवर्ड लिंक इन्वेस्टिगेशन के आधार पर और गिरफ्तारियां होने की संभावना है।

51 एनडीपीएस मामलों में 85 आरोपी गिरफ्तार

एसपी अभिषेक धीमान ने बताया कि बिलासपुर पुलिस ने बीते करीब डेढ़ माह में नशे के खिलाफ व्यापक अभियान चलाया है। इस दौरान एनडीपीएस एक्ट के तहत 51 मामले दर्ज किए गए और 85 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस का फोकस अब नशे की छोटी खेप पकडऩे के साथ-साथ उसके पीछे काम कर रहे पूरे नेटवर्क को चिन्हित करने पर है। इसके लिए आरोपियों के मोबाइल फोन, व्हाट्सऐप चैट, कॉल रिकॉर्ड, बैंकिंग लेनदेन और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच की जा रही है।