मजदूर संघ ने मांगों को लेकर एसडीएम के जरिए प्रधानमंत्री को भेजा ज्ञापन
स्टाफ रिपोर्टर-रोहड़ू
भारतीय मजदूर संघ (बीएमएस) के आह्वान पर सोमवार को जुब्बल में विभिन्न मांगों को लेकर विशाल प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन के बाद भारतीय मजदूर संघ के पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों ने एसडीएम जुब्बल के माध्यम से प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शन में आशा कार्यकर्ताओं, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, विद्युत, लोक निर्माण विभाग, सिंचाई एवं अन्य विभागों से जुड़े सैकड़ों कर्मचारियों ने भाग लिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता पुष्पा मानटा ने की। इस दौरान भारतीय मजदूर संघ के वरिष्ठ नेता विपन डोगरा, बृजलाल शर्मा, अनु ठाकुर, पूनम, किरण छाजटा, शर्मिला झौटा, ममता झगटा सहित विभिन्न यूनियनों के पदाधिकारी विशेष रूप से मौजूद रहे।
ज्ञापन में मजदूरों और कर्मचारियों की विभिन्न मांगों को प्रमुखता से उठाया गया। इसमें न्यूनतम वेतन बढ़ाकर 30 हजार रुपये प्रतिमाह करने, आशा, आंगनबाड़ी, मिड-डे मील एवं अन्य स्कीम वर्करों के नियमितीकरण के लिए नीति बनाने की मांग की गई। इसके अलावा ईएसआईसी की वेतन सीमा 21 हजार से बढ़ाकर 41 हजार रुपए करने, ईपीएस-95 पेंशन को 7,500 रुपए करने तथा पेंशनरों को मेडिकल और डीए की सुविधा देने की मांग भी ज्ञापन में शामिल रही। साथ ही देशभर के कर्मचारियों के लिए समान वेतनमान, पुरानी पेंशन व्यवस्था, डीए और सेवानिवृत्ति की आयु में एकरूपता लागू करने की मांग भी प्रधानमंत्री के समक्ष रखी गई। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि मजदूरों और कर्मचारियों की लंबित मांगों पर केंद्र सरकार गंभीरता से विचार कर उन्हें जल्द पूरा करे, ताकि विभिन्न क्षेत्रों में कार्यरत कर्मचारियों को उचित वेतन और सामाजिक सुरक्षा का लाभ मिल सके।